महासमुन्द
कहा- सावधान रहें, मुसाफिर घरों की रेकी कर चोरी करते हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 नवम्बर। ठंड को दस्तक के साथ ही तिब्बती और कश्मीरी गर्म कपड़ों के साथ फेरीवालों ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। घर-घर पहुंचकर दरवाजा खटखटा रहे हैं।
खासकर दोपहर में घरेलू काम काज से खाली महिलाओं को लेडीज शूट और शाल दिखाकर न केवल बेच रहे हैं बल्कि घर की रेकी भी कर रहे हैं। बाहर से शहर में घुसे इन फेरीवालों से सावधान रहने की जरूरत है। फेरी वालों के दस्तक देते हुए पुलिस ने गाइडलाइन जारी किया है।
पुलिस के अनुसार फेरीवालों का गैंग अलग-अलग समूह बनाकर मध्यप्रदेश की सीमा पार कर छत्तीसगढ़ में भी दस्तक दे चुके हैं। फेरी वालों का चोरी, डकैती समेत प्राणघातक हमले, गैंग चोरी जैसे काम करने से पीछे नहीं हटते। वर्तमान में इस प्रकार के गैंग, बिलासपुर व सरहदी जिलों में आने की चर्चा है। हमेशा की तरह इस बार भी गर्म कपड़े बेचने के बहाने ठगों का बड़ा गैंग प्रदेश में अपने मंसूबों को अंजाम देने पहुंचने लगा है।
पुलिस के मुताबिक यह गैंग जबलपुर से केंवची और शहडोल से पेन्ड्रा के अलग-अलग रास्तों से छत्तीसगढ़ में दाखिल हो चुका है। ठगों का यह गैंग भारी भरकम गर्म कपड़ों का ग_ा लेकर महाराष्ट्र की सीमा को पार कर राजधानी पहुंचा है। ठंड का कपड़ा लेकर फेरीवालों का गैंग सबसे पहले शहर से दूर ग्रामीण क्षेत्र को निशाना बनाते हैं। गांव में रहकर शहर के मकानों की टोह लेते हैं। अत: अपने मोहल्ले में आने वाले संदिग्ध चेहरों की जानकारी समय-समय पर स्थानीय पुलिस के साथ साझा करें। खासकर नए किरायेदार की जानकारी भी साझा करें। बाहर से आने वाले किरायेदारों की सूचना थाने में जरूर दें। बाहर से आकर फेरी करने वालों पर नजर रखें।