महासमुन्द
पखवाड़े भर से नल सूखे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 24 नवंबर। नगर के समीप ग्राम पंचायत लाखागढ़ में नल जल योजना के तहत ग्रामीणों के घरों में से पानी नहीं आने से हाहाकार मच गया है।
ज्ञात हो कि उक्त पंचायत में ट्रैक्टर टैंकर की भी व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार टंकी में पानी भरने वाला सबमर्सिबल पंप खराब हो गया है। इस समस्या को लेकर ग्रामवासी सरपंच के घर गए थे तो सरपंच ने बताया कि ग्राम पंचायत निधि में पैसा नहीं है गांव में चंदा करना पड़ेगा।उसके बाद लगभग 10 दिन से सरपंच ग्राम से बाहर है। पंचायत सचिव भी कभी पंचायत नहीं जाते, जिससे ग्रामीण भारी जल संकट में है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत द्वारा विगत 6 माह में लगभग 10 लाख की राशि आहरित की गई है, जिसमें किसी प्रकार का काम नहीं करवाया गया है, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हंै। पानी की कमी से सबसे ज्यादा लाखागढ़ सरपंच का क्षेत्र ही प्रभावित है, वहीं वार्ड नंबर 10 एवं 11 के लोगों को पीने का पानी भी नसीब नहीं हो रहा है
ग्रामवासियों की ओर से ग्राम की युवा समिति के संयोजक पोमल कोसरिया एवं तारेंस ने इसकी शिकायत जनपद सीईओ से भी मौखिक रूप से की है। ग्रामीणों का आरोप है कि जनपद द्वारा मामले की जांच कर सुविधा प्रारम्भ करवाने की बजाय सरपंच सचिव को बचाने के प्रयास कर रहे हैं। जिसकी निंदा भी युवा समिति ने की है।