महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 नवम्बर। चार बार मौका मिलने के बाद भी जिले भर के 12846 उपभोक्ताओं ने ई.केवाईसी अपडेट करने में रूचि नहीं दिखाई। अब स्थिति यह है कि इन्हें राशन लेने के लिए अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लिहाजा शासन ने अब आखरी बार 31 अक्टूबर तक ई-केवाईसी कराने का मौका उभोक्ताओं को दिया है। शासन हर उपभोक्ता को राशन मिले इसके लिए 4 बार तारीखें बढ़ाई। लेकिन उपभोक्ताओं ने ई केवाईसी कराने में रुचि नहीं दिखाई।
मिली जानकारी के अनुसार महज डेढ़ वर्ष में शासन ने ई. केवायसी के लिए चार बार तारीखें आगे बढ़ाई। ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले। बावजूद इसके अकेल महासमुंद जिले में 12846 से अधिक लोगों ने अब तक ई केवाईसी नहीं कराया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 3 लाख 33 हजार राशन कार्डधारी हैं। इनमें से अब तक 3 लाख 2 हजार 674 लोगों ने आवेदन कर दिया है। इस प्रकार 90 प्रतिशत से अधिक लोगों ने नवीनीकरण के लिए आवेदन कर दिया है। कई बार इसके लिए तिथि बढ़ाई गई। पहले तिथि बढ़ाकर 31 मार्च तक का समय दिया गया था। बाद अप्रैल में तिथि बढ़ाया गया और 30 अप्रैल अंतिम तिथि की गई थी। फिर भी लोगों ने समय पर केवाईसी नहीं कराया। अब आखरी बार 31 अक्टूबर तक समय दिया गया है। मालूम हो कि प्रधानमंत्री आवास योजना हो या फिर मुख्यमंत्री पेंशन योजना, निराश्रित, परित्यकता तथा विधवा पेंशन अधिकांश योजनाओं के लाभ के लिए हितग्राहियों से योजना के मुताबिक राशन कार्ड की छाया प्रति की मांग की जाती है। बावजूद राशन कार्ड हितग्राही राशन कार्ड की ई. केवाईसी कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
हालांकि खाद्य विभाग ने राशन कार्ड नवीनीकरण करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर तय कर दी है। छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी की गई तारीख तक राशन कार्ड में अपडेट और ईकेवाईसी कराने की अपील हितग्राहियों से की है। खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग असुविधा से बचने के लिए अपने राशन कार्ड का नवीनीकरण और ई.केवाईसी समय पर करवा लें। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हितग्राहियों की सुविधा के लिए शेष बचे राशन कार्ड नवीनीकरण एवं ई केवाईसी कराने के लिए 31 अक्टूबर तक अवसर प्रदान किया गया था। कार्ड नवीनीकरण के लिए राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। वन नेशन वन कार्ड अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य की दुकान में राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए हितग्राही परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड और अंगूठे का ई.केवाईसी कराना अनिवार्य है।