महासमुन्द

अब तक पंजीयन नहीं: अटकी सब्सिडी, कर्ज में डूबे ई-रिक्शा चालक, कई आंगन में खड़े
23-Nov-2024 1:52 PM
अब तक पंजीयन नहीं: अटकी सब्सिडी, कर्ज में डूबे ई-रिक्शा चालक, कई आंगन में खड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 नवम्बर।
शहर के अधिकांश सायकल रिक्शा चालकों ने बदलते समय में ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन शुरू किया था। पिछले 2 सालों में शहर तथा मुख्यालय से लगे ग्रामों में 150 से अधिक सायकल रिक्शा चालकों के अलावा अन्य कई युवाओं ने ई-रिक्शे की खरीदी की थी। चूंकि शासन की ओर से बकायदा ई-रिक्शा की खरीदी पर 50 हजार रुपए सब्सिडी मिल रही है। फलस्वरूप बड़ी संख्या में बेरोजगार युवओं ने ई-रिक्शा खरीदा, लेकिन पंजीयन के अभाव में सब्सिडी नहीं मिलने की वजह से ऐसे युवा अब कर्ज तले दब गए हैं। कर्ज में लिए गए अधिकांश ई-रिक्शे 6 महीने में खराब होने लगे।  

चालकों की शिकायत है कि शासन की योजना के तहत जो ई-रिक्शे बांटे गए थे, उसकी गुणवत्ता निम्न थी। ई-रिक्शे के खराब होने के बाद सबसे बड़ी परेशानी यह आ रही है कि उन ई-रिक्शों के स्पेयर पाट्र्स महासमुंद में नहीं मिलते। लिहाजा ई-रिक्शा खराब होने के बाद अनेक चालकों ने उन्हें अपने आंगन में खड़ा कर दिया है। ऐसे लोग लोन की किश्त भी नहीं पटा रहे हैं। 

श्रम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा चालकों ने पंजीयन नहीं कराया। जिसके कारण उन्हें सब्सिडी नहीं मिल पा रही है। साल भर पहले दीनदयाल अंत्योदय योजनांतर्गत पांच ई-रिक्शा वाहनों का वितरण किया गया था। जिसमें से सिर्फ  एक ही चालू स्थिति में है। ई-रिक्शा देते समय बताया गया था कि 1.20 लाख का लोन है और उसमें 50 हजार की सब्सिडी मिलेगी। पांच वर्ष में लोन भुगतान करना होगा। लेकिन साल भर में ही ई-रिक्शा खराब होने लगे। कई रिक्शा तो 6 महीने भी नहीं चल पाए। ई रिक्शा चालको को योजनांतर्गत 50 हजार रुपए सब्सिडी मिलनी थी, जो अब तक नहीं मिल पाई है। हर माह बैंक को 2200 रुपए किश्त देनी है। लेकिन रिक्शा खराब होने के कारण वे चला नहीं पा रहे हैं, जिससे लोन भुगतान भी नहीं हो रहा है। 

ई-रिक्शा चालकों ने कहा है कि ई-रिक्शा 6 माह में ही खराब हो गया। इसे बनाने में 40 हजार खर्च बताया जा रहा है। इतना खर्च वहन करना उनके बूते की बात नहीं है। बसंत प्रधान, सैफ ी नबी जेसे कई ई रिक्शा चालकों ने कहा कि काफ ी समय तक ई.रिक्शा को बनवाकर चलाए। लेकिन अब इतना खर्च मांग रहा है कि बनवा पाना संभव नहीं है। 

ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि खरीदने के दो माह के बाद ही ई-रिक्शे में खराबी आना शुरू हो गया था और 6 माह में तो ई-रिक्शा पूरी तरह से खराब हो गया। मजबूरी में घर के सामने ही खड़ा करना पड़ा। ई-रिक्शा की बैटरी व मोटर में ज्यादा शिकायत है। ई-रिक्शा में के लगे सामान शहर में उपलब्ध नहीं हैं। जिसके चलते रिपेयरिंग नहीं हो रहा है। वाहन बनाने उन्हें रायपुर से मिस्त्री बुलाना पड़ता है, जिसका खर्च इतना अधिक आता है कि वे चालक उसे वहन नहीं कर पाते।
 


अन्य पोस्ट