महासमुन्द

विधायक प्रतिनिधि को जान से मारने की धमकी, शिकायत
22-Nov-2024 3:28 PM
विधायक प्रतिनिधि को जान से मारने की धमकी, शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 नवम्बर।  कल 20 नवंबर की रात एक हाईवा वाहन में अवैध रेत होने की जानकारी देने पर रेत माफियाओं द्वारा विधायक प्रतिनिधि सरायपाली भरत मेश्राम को जान से मारने की धमकी की खबर है। विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देर रात थाने में इसकी शिकायत की है।

मिली जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 8 बजे विधायक प्रतिनिधि भरत मेश्राम बसना से घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही हाइवा ने उसे कट मार दिया। जिसके चलते उन्होंने गाड़ी को आगे बढ़ाकर घंटेश्वरी मंदिर के समीप हाइवा को रोका। तभी हाइवा में अवैध रेत होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसकी सूचना विधायक को दूरभाष के माध्यम से दी। विधायक ने एसडीएम और तहसीलदार को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। तहसीलदार के पहुंचने के पूर्व ही हाइवा मालिक के पुत्र वहां पहुंच चुके थे। पहुंचते ही उन्होंने विधायक प्रतिनिधि श्री मेश्राम को ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए जान से मारने और देख लेने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने विधायक प्रतिनिधि को लूट के झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की भी बात कही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तहसीलदार जब कार्रवाई करने पहुंचे तो उन्हें भी धमकाया गया। मालूम हो कि विधायक चातुरी नंद भी  भी स्वयं विगत कुछ दिनों से रात्रि के समय सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध रूप से रेत, धान आदि के परिवहन की संभावना को देखते हुए बैरियरों में पहुंचकर स्थितियों का जायजा ले रही हैं। इसी कड़ी में उन्होंने बीते 19 नवंबर की रात्रि रेत से भरी एक हाईवा वाहन को सिंघोड़ा थाने के सुपुर्द किया था।


अन्य पोस्ट