महासमुन्द

बिजली का तार खेत में गिरा फसल जलकर खाक
22-Nov-2024 3:24 PM
बिजली का तार खेत में गिरा फसल जलकर खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 नवम्बर।  जिले के तोरसिंहा में एक किसान के खेत में 11 केव्ही तार टूट कर गिरने से आग लग गई और लगभग एक एकड़ खड़ी धान फसल जलकर खाक हो गई। घटना कल 21 नवंबर दोपहर लगभग 1.30 बजे की बताई जा रही है। पास में स्थित मुड़पहार के किसानों ने खड़ी फसल में लगी आग देखने के बाद किसान को सूचित किया। आग बुझाने फायर ब्रिगेड घटनास्थल तक पहुंचती, ग्रामीण और किसान आग पर काबू पा चुके थे। इस आगजनी से लगभग 80 हजार से 1 लाख के मध्य नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी अनुसार पदमपुर रोड पर तोरेसिंहा से मुड़पहार के मध्य तोरेसिंहा निवासी किसान दुर्बादल मेहेर का खेत है। जिसके ऊपर से 11 केवी का तार गुजरी है। 21 नवंबर को दोपहर को 11 केवी का तार टूटकर खड़ी फसल में गिरने से तार से निकली चिंगारी से धान में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे खेत में पहुंच गईं। पास में मुड़पहार के किसान धान कटाई के लिए पहुंचे हुए थे। धान की फसल से आग की लपटें उठती देख वे तत्काल धान में लगी आग को बुझाने दौड़ पड़े।

बलौदा के जेई कोमल साहू ने बताया कि तार टूट कर खड़ी धान फसल पर गिरा है, इससे खेत का फसल जल गया है। किसानों को हुए नुकसान की भरपाई विभाग की ओर से देने क्या प्रावधान होने की बात पर कहा मुआवजा का प्रावधान नहीं है। पटवारी राजेश देवांगन ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में मुआवजा का प्रावधान होता है, जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है।


अन्य पोस्ट