महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 नवम्बर। ठेका पद्धति समाप्त करने, सीधे वेतन भुगतान सहित 4 सूत्रीय मांगों को लेकर जिले भर के नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारी अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चले गये हैं। इनके हड़ताल पर जाने की वजह से बिजली, पानी तथा सफाई व्यवस्था बूरी तरह से चरमरा गई है। वहीं आने वाले दिनों में स्थिति और भी खराब होने की संभावना है।
बुधवार को पटवारी कार्यालय के समक्ष प्लेसमेंट कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। मिली जानकारी के अनुसार जिले के 5 नगरीय निकायों में कुल 350 प्लेसमेंट कर्मचारी हैं। जिसमें महासमुंद में 157, बसना 40, सरायपाली 56, बागबाहरा में 63, तुमगांव 17 तथा पिथौरा में 14 कर्मचारी हैं। कर्मियों का कहना है कि विगत 15 से 20 वर्षों से वे सेवा दे रहे हैं। जो कि तृतीय व चतुर्थ वर्ग कर्मियों के समकक्ष कार्यों का निर्वहन करते हैं।
नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की मांगे हंै कि अन्य विभागों की तर्ज पर निकायों से वेतन भुगतान सीधे उनके खातों में किया जाये। महासंघ द्वारा विगत वर्षों से नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को शासन के अन्य विभाग जल संसाधन, पीडब्ल्यूडी, पीएचई व वन विभाग आदि के तर्ज पर निकायों से सीधे वेतन का भुगतान किये जाने हेतु समय समय पर धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों से शासन को अवगत करते आ रहा। लेकिन शासन-प्रशासन मांगों पर गंभीरता से कोई आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे छग छग के 184 निकायों में कार्यरत 20 हजार, प्लेसमेंट कर्मचारी व परिवार में काफ ी असंतोष एवं आक्रोशित है। निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को निकायों से सीधे वेतन भुगतान 4 हजार श्रम सम्मान राशि सहित किये जाने प शासन को किसी भी प्रकार अतिरिक्त व्यय का वहन नहीं करना पड़ेगा। शासन द्वारा गंभीरता से नहीं लेने के कारण महासंघ द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि समस्त नगरीय निकायों के समस्त प्लेसमेंट कर्मचारी अनिश्चिकालीन हड़ताल पर रहेंगे।
इस अवधि में छग के समस्त नगरीय निकायों में मूलभूत सुविधा जैसे सफाई कार्य, जल कार्य, विद्युत कार्य, कार्यालीयन कार्य, लोक सेवा कार्य सब बंद रहेंगे।
छग नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मी के जिलाध्यक्ष हीरा चौहान ने कहा कि मांगें यदि शीघ्र पूरी नहीं होती तो आंदोलन और भी उग्र होगा।