महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 नवंबर। महासमुंद जिले के 50 हायर सेकेंडरी स्कूल वर्षों से खेल प्रशिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। वहीं 25 स्कूलों में खेल मैदान नहीं है। फलस्वरूप खिलाडिय़ों को खेल के लिए मार्गदर्शन के लिए अन्य स्कूलों के खेल शिक्षक से प्रशिक्षण लेना पड़ता है। या फिर स्वयं से प्रशिक्षित होना पड़ता है।
विभागीय जानकारी अनुसार जिले में लगभग अलग-अलग विधाओं के 20 हजार खिलाड़ी हैं। शहर में अनेक प्राइवेट क्लब की वजह से खिलाडिय़ों को लाभ मिल जाता है। लेकिन शासकीय प्रशिक्षक के अभाव में उन्हें उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। बावजूद जिले में हर साल महासमुंद जिले से खिलाड़ी राज्य स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करते हैं।
वहीं ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल में पीटीआई शिक्षक की कमी के कारण बच्चे खुद की मेहनत से प्रैक्टिस करते हैं। महासमुंद शहर में खिलाड़ी बच्चों को प्रैक्टिस कराने के लिए कुछ युवा नि:शुल्क कोचिंग दे रहे हैं। इसमें अंकित लूनिया, इमरान तथा शबाब कुरैशी शामिल हैं।
शिक्षा विभाग के खेल डेस्क से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 125 हायर सेकेंडरी स्कूलें हैं। इनमें से महज 70 स्कूलों में ही खेल प्रशिक्षक हैं। जबकि 50 स्कूलों में वर्षों से यह पद रिक्त है। वहीं 173 स्कूलों में से 25 में खेल मैदान ही नहीं हैं जहां खिलाड़ी खेल सके।
महासमुंद ब्लॉक में आशीबाई कन्या शाला, गढ़सिवानी, भोरिंग, पटेवा, पीढ़ी, बम्हनी, रायतुम, लहंगर में खेल मैदान नहीं है। बागबाहरा ब्लॉक में तमोरा, खुर्सीपाली में खेल मैदान नहीं है। शासन ने शिक्षकों की भर्ती की जिम्मेदारी व्यापमं को सौंपी गई है। लेकिन इसमें पीटीआई शिक्षक की भर्ती नहीं की जाएगी। जिले में 20 हजार से ज्यादा बच्चे खेल को लेकर विशेष ध्यान दे रहे हैं। इनमें क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल शामिल है। ऐसे में उम्मीद थी कि इसमें पीटीआई शिक्षक की भर्ती ली जाएगी। लेकिन पीटीआई शिक्षक भर्ती को लेकर विज्ञापन जारी नहीं किया गया। इस स्थिति में जिले के स्कूली बच्चे बिना शिक्षक के ही प्रैक्टिस करेंगे। जिले में करीब 100 से अधिक पीटीआई शिक्षक की जरूरत है। बताना जरूरी है कि पिछले 2 सालों में हमारा जिला विभिन्न खेलों में मेजबानी कर रहा है। पीटीआई शिक्षकों की कमी के बाद भी महज 2 साल में पूरे प्रदेश में महासमुंद खेल जोन दूसरे पायदान पर है। नई भर्ती विज्ञापन में पीटीआई शिक्षकों का पद नहीं होने के कारण जोन के बच्चे शिक्षक के बगैर ही प्रैक्टिस करेंगे।