महासमुन्द

नियमित स्कूल नहीं आने पर शिक्षक निलंबित
20-Nov-2024 3:36 PM
नियमित स्कूल नहीं आने पर शिक्षक निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 नवम्बर। सरायपाली क्षेत्र के शासकीय उच्च प्राथमिक शाला कोटद्वारी में पदस्थ शिक्षक जयंत साहू को संभागीय संयुक्त संचालक रायपुर राकेश कुमार पांडे ने निलंबित कर दिया है। बतााया गया है कि शिक्षक पर नियमित स्कूल नहीं आने, स्कूल जाने से उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर कर बिना अध्यापन करवाए घर चले जाने आदि आरोप लगे थे।

बीते 19 अक्टूबर को रायपुर से सहायक संचालक की टीम जांच के लिए कोटद्वारी मिडिल स्कूल पहुंची थी। जांच में नियमित स्कूल नहीं आने व स्कूल पहुंचने पर अध्यापन कार्य नहीं करने की बात सामने आई। मिडिल स्कूल कोटद्वारी के पालकों व शाला विकास समिति ने शिक्षक जयंत कुमार साहू के नियमित स्कूल नहीं आने, स्कूल पहुंचने पर बच्चों को अध्यापन कार्य नहीं करवाने, बिना आवेदन दिए स्कूल से नदारद रहने आदि की शिकायत की थी।

अत:जांच के लिए शिक्षा विभाग से संभागीय कार्यालय रायपुर के सहायक संचालक अजीत सिंह जाट की जांच टीम स्कूल पहुंची थी। जांच के दौरान जांच टीम ने बच्चों, पालकों, शिक्षकों, प्रधान पाठक के बयान लिए। जांच टीम ने जांच रिपोर्ट बनाकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजी थी। जिस पर 14 नवंबर को जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट