महासमुन्द
महासमुंद,19 नवम्बर। बसना थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित समलेश्वरी मंदिर में चोरी की घटना हुई है। जैसे ही इसकी जानकारी विधायक डॉ.संपत अग्रवाल को मिली, वे घटनास्थल पहुंचे और मंदिर में चोरी होने की घटना को उन्होंने गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने चोरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस संबंध में मंदिर के पुजारी सुरेश कुमार पाणिग्राही द्वारा थाना में एक लिखित आवेदन दिया है। आवेदन पर अपराध धारा 331,4, 305-1 बीएनएस दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
मंदिर के पुजारी श्री पाणिग्राही ने पुलिस को बताया कि वे विगत 24 वर्षों से समलेश्वरी मंदिर में पुजारी हैं। रविवार की सुबह 5 बजे रोज की तरह पूजा करने मंदिर आया। मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गया तो देखा कि मंदिर के गर्भगृह का दरवाजा खुला है। दरवाजे में लगा ताला जमीन में पड़ा व टूटा हुआ था। गर्भगृह के सामने के गेट का दो ताला भी टूटा हुआ था। शनि मंदिर की तरफ जाकर देखा तो शनि मंदिर का दरवाजा भी खुला हुआ था और ताला जमीन में टूटकर पड़ा। पश्चात पुजारी ने मंदिर समिति के अध्यक्ष रामरतन अग्रवाल को फोन से इसकी सूचना दी।
सूचना पर रामरतन अग्रवाल एवं सदस्य सगुन लाल देवांगन, राजा वाधवा, सूर्यनारायण अग्रवाल व अन्य सदस्यों ने आकर मंदिर को देखा। मंदिर में स्थापित माता की मूर्ति में लगा चांदी का मुकुट वजनी करीबन 110 ग्राम, चांदी का छोटा छोटा तीन नग छत्तर वजनी 50 ग्राम, शनि भगवान का चांदी का मुकुट 90 ग्राम व दानपेटी में रखी नगदी रकम करीबन 12 हजार रुपए, जुमला कीमती 35 हजार 100 रुपए अज्ञात ने मंदिर के गेट का ताला तोडक़र चोरी किया है।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज समलेश्वरी मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक डा. सम्पत अग्रवाल तत्काल मंदिर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। मंदिर में हुई चोरी की घटना पर विधायक डा. सम्पत ने पुलिस को मामले की जांच कर जल्द आरोपियों को पकडऩे कहा। इस दौरान मंदिर में जांच के लिए पिथौरा थाना प्रभारी, एसडीओपी, भंवरपुर चौकी प्रभारी सहित बसना पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। लोगों ने बताया कि इसके पूर्व भी मंदिर में 3 बार चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक चोर नहीं पकड़ा जा सका है। बताया गया कि मंदिर के आसपास मंडी एवं गार्डन में असामाजिक तत्वों का आना जाना लगा रहता है। जिनकी वजह से इस तरह की घटना की आशंका रहती है। विधायक डॉ.सम्पत अग्रवाल ने निरीक्षण करते हुए उन्होंने नगर के सभी मंदिरों के लिए जल्द सीसीटीवी लगाने की बात कही।