महासमुन्द
मृतक की पत्नी कोर्ट जाने की तैैयारी में
जुआ फड़ में छापेमारी के दौरान एक युवक की तालाब में डूबकर मौत का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 नवम्बर। महासमुंद में 16 अक्टूबर की रात जुआ फड़ में छापेमारी के दौरान एक युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी को सूचना के अधिकार में मिली जानकारी में कई तथ्य चौंकाने वाले हैं। इसमें बताया गया है कि तुमगांव थाना प्रभारी और खल्लारी थाना प्रभारी ने अपने कार्य प्रभार क्षेत्र और थाना छोडक़र बिना किसी आदेश के छापामार कार्रवाई की थी। पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ अब मृतक की पत्नी न्यायालय जाने की तैयारी में है।
गौरतलब है कि महासमुंद जिला मुख्यालय से महज 4 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत खरोरा में डीसिल यादव की मौत के बाद मृतक की पत्नी ने पुलिस की छापेमारी कार्रवाई पर सवाल खड़े किए थे। पत्नी मीनाक्षी यादव ने 18 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। जिसमें 16 अक्टूबर की देर रात खरोरा के नया तालाब में चल रहे जुआ फड़ में छापामारी में शामिल रहे पुलिस अधिकारी और स्टाफ का नाम सहित छापामारी के आदेश की जानकारी मांगी गई थी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सूचना का अधिकार आवेदन को सिटी कोतवाली को भेजा गया। कोतवाली प्रभारी और जनसूचना अधिकारी शरद दुबे ने आवेदन देने के 5 दिन पहले यानी 13 अक्टूबर को आवेदिका मीनाक्षी यादव को जानकारी दे दी है। दरअसल जारी किए गए लेटर में दिनांक 13 अक्टूबर 2024 लिखी हुई है। जिसमें बताया गया है कि तत्कालीन बागबाहरा में पदस्थ रहे यूलंडन यार्क तुमगांव थाना प्रभारी हितेश जंघेल, खल्लारी थाना प्रभारी शैलेन्द्र नाग,सहायक उप निरीक्षक टीकाराम सारथी, आरक्षक रिजवान खान, आरक्षक चुड़ामणी सेठ, आरक्षक तिलक सिंह ठाकुर और आरक्षक अजय ध्रुव इस छापामार कार्रवाई में शामिल रहे।
लेकिन आवेदिका को यह नहीं बताया गया कि बागबाहरा,खल्लारी और तुमगांव थाना प्रभारी किसके आदेश पर अपने कार्यप्रभार क्षेत्र को छोडक़र सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की है। पुलिस की इस संदेहास्पद कार्रवाई से मृतक की पत्नी अब पुलिस के खिलाफ न्यायालय में जाने की तैयारी में है।
मालूम हो कि 16-17 अक्टूबर की दरमियानी रात साढ़े 12 बजे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर जुआ फड़ पर छापामारी करने पहुंची। पुलिस ने 7 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा। इसी दौरान पुलिस के डर से खरोरा निवासी डीसिल यादव 35 ने तालाब में छलांग लगा दी थी। पुलिस रात भर यह मानती रही कि डीसिल कहीं भाग गया है लेकिन दूसरी सुबह डीसिल का शव तालाब में तैरते हुए मिला था। इस दौरान पुलिस 9 बाइक, 9 मोबाइल और 24 हजार 400 रुपए जब्त कर जुआरियों को साथ लेकर लौट गई थी। दूसरे दिन सुबह पुलिस नगर सेना के मोटर बोर्ड और गोताखोर खरोरा तालाब पहुंचे शव को बाहर निकाला था।