महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 नवंबर। जिला स्थित सरायपाली शहर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के एक शिक्षक की पिटाई से बच्चा मानसिक रूप से काफी डरा सहमा है और स्कूल जाने से भी कतरा रहा है। बच्चे के माता ने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी से इसकी शिकायत करते हुए उक्त शिक्षक के विरूद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञात हो कि इसी स्कूल में लगभग दो माह पूर्व भी एक शिक्षक के द्वारा कक्षा पहली की छात्रा से मारपीट किये जाने का मामला सामने आया था, जिसमें उक्त शिक्षक को निलंबित भी किया गया था। एक बार फिर उसी स्कूल में इस तरह की घटना से विद्यालय प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कक्षा तीसरी में अध्ययनरत आरूष पंडा की माता संगीता पंडा ने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को लिखे पत्र में उनके पुत्र के साथ हुई मारपीट की घटना की शिकायत करते हुए कहा है कि बीते 11 नवंबर को शिक्षक शोभाराम भोई के द्वारा आरूष के बाल खींचकर मुक्के से मारपीट की गई है, जिसके कारण बच्चा दर्द से कराह रहा है एवं मानसिक रूप से काफी डरा हुआ है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उनके द्वारा इस संबंध में लिखित शिकायत करते हुए शाला के प्राचार्य से पावती मांगी गई तो उन्होंने पावती देने से इनकार कर दिया। अत: उनके द्वारा बीईओ से इसकी शिकायत करते हुए शिक्षक के विरूद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। इस संबंध में शिक्षक शोभाराम भोई ने कहा कि कक्षा में काफी शोरगुल हो रहा था, जिस पर उन्होंने बच्चे को डांटा और डराया है। मारपीट की घटना से उन्होंने इनकार किया। जबकि विद्यालय के प्राचार्य मनोज पंडा ने बताया कि घटना के बाद से तीन दिनों तक बच्चे को बुखार था और बाल खींचने के कारण सिर में भी काफी दर्द हुआ। बच्चा अभी भी बहुत डरा हुआ है।
इस घटना की जानकारी उन्हें मिली थी। मामले में संबंधित शिक्षक एवं वहां कार्यरत प्रधान पाठक से लिखित में जवाब मांगा गया है एवं उच्चाधिकारियों के पास प्रेषित किया गया है। वहां से जैसा निर्देश मिलेगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जावेगी।
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज ने किया सारंगढ़ जिले का दौरा
सारंगढ़, 17 नवंबर। शुक्रवार को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ के पुलिस कार्यालय के निरीक्षण हेतु सारंगढ़ आये जहाँ उन्होंने प्रात: पुलिस परेड के निरीक्षण पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित पुलिस सम्मलेन में जिले के पुलिस अधिकारी कर्मचारियों की समस्यायें, गुजारिश सुनकर उनके त्वरित निराकरण के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा को आवश्यक निर्देश दिए तथा सभी को अपने विभागीय दायित्वों के निर्वहन के साथ ही अपने परिवार एवं अपने स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल करने के सम्बन्ध में मार्गदर्शन दिया।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी शाखाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इसी तारताम्य में कोतवाली थाने का निरीक्षण कर थाना प्रभारी को अपराध ,मर्ग ,शिकायत का शीघ्र निराकरण करने, पीडि़तों के साथ अच्छे व्यवहार के साथ ही त्वरित न्याय दिलाने के सम्बन्ध में निर्देश दिए एवं थाने के समस्त स्टाफ को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
एसडीओपी कार्यालय के निरीक्षण दौरान डीएसपी स्नेहिल साहू को अनुविभाग के थानों का सतत पर्यवेक्षण करने के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिए।