महासमुन्द

अन्नदाताओं के धान का एक-एक दाना खरीदना लक्ष्य-योगेश्वर राजू सिन्हा
16-Nov-2024 2:14 PM
 अन्नदाताओं के धान का एक-एक दाना खरीदना लक्ष्य-योगेश्वर राजू सिन्हा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 नवम्बर।
गुरुवार को खरीफ वर्ष 2024.25 के लिए धान खरीदी की शुरुआत हुई। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने पिटियाझर  धान खरीदी केंद्र में पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। साथ ही अपनी उपज बेचने आए किसानों से मुलाकात व चर्चा कर मंडी में  धान बेचने के लिए की गई व्यवस्था का भी जायजा लिया। धान बेचने आए किसान के उपज को मशीन में तौल कर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा  ने खरीदी की शुरुआत की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार 14 नवंबर को प्रदेश के अन्नदाता किसानों के सम्मान में श्धान तिहार के रूप में मना रही है। 
प्रदेश के अन्नदाताओं को उनकी मेहनत का पूरा मान मिलेगा। हमारी सरकार ने जो वादा किया था प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी व 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किसान भाइयों को भुगतान वह पूरा किया जाएगा। धान खरीदी के मद्देनजर हमारी सरकार ने किसान भाइयों की सुविधा  के लिए पूरी तैयारियां की है। अन्नदाताओं के धान का एक.एक दाना खरीदना हमारा लक्ष्य है। इस बार पूरे प्रदेश में 27 लाख से अधिक किसानों का  धान हमारी सरकार खरीदेगी और भुगतान भी 72 घंटे के अंदर सुनिश्चित करेंगे। 

उन्होंने कहा कि किसानों को धान खरीदी के लिए अधिक दूरी तय न करना पड़े, इसका भी हमने विशेष ख्याल रखा है। उपार्जन केंद्रों  के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। हमने किसानों से उनके पूरी उपज को खरीदने, खरीदी में पूरी पारदर्शिता  बरतने और तय समयसीमा में भुगतान करने पर विशेष ध्यान दिया है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश साहू, पवन पटेल सहित मंडी के स्टाफ  व किसान उपस्थित थे।

 


अन्य पोस्ट