महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 नवम्बर। उदन्ती सीतानदी टाइगर रिजर्व गरियाबंद की एंटी पोचिंग एवं बागबाहरा वन परिक्षेत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने ओंकारबंद एवं मरार कसहीबाहरा के बीच वन्य प्राणी चीतल एवं तेन्दुए की खाल को बेचने की कोशिश कर रहे 5 लोगों को पकड़ा। ये दोनों वन्य प्राणियों का शिकार कर उनकी खाल को बेचने के लिये ग्राहक की तलाश कर रहे थे।
वन विभाग ने पांचों आरोपियों को वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 39-3, 44-1, 48 एवं 51 के तहत मामला पंजीबद्ध कर बागबाहरा न्यायालय में प्रस्तुत किया। वहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चुरकी के आसपास घने जंगल में विभिन्न वन्य प्राणियों की आवाजाही रहती है। बीच-बीच में करंट लगा कर शिकार के प्रयास आदि की खबरें मिलती रही हैं, लेकिन इस बार वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है।
शुक्रवार शाम को ग्राहक तलाशने की खबर मुखबिर से सूचना मिलने पर एंटी पोचिंग टीम एवं वन परिक्षेत्र बागबाहरा की संयुक्त टीम द्वारा ओंकारबंद एवं मरार कसहीबाहरा के बीच खड़े 5 लोगों से पूछताछ की गई और उनके पास से चीतल की पूरी खाल एवं तेन्दुए के सिर की खाल बरामद कर जब्त किया तथा आरोपी मानसिंग चुरकी थाना खल्लारी, गिरधर ध्रुव चुरकी, हरक ध्रुव ग्राम एमके बाहरा, सुकालू राम खडिय़ा ग्राम एमके बाहरा, पीलाराम बेलदार ग्राम चुरकी को धर दबोच लिया।
आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। जिसमें वन प्राणी चीतल एवं तेन्दुए का शिकार कर उनकी खाल को एकत्र करने की बात कही है। वन विभाग द्वारा आरोपियों पर कार्रवाई की गई। उन्हें न्यायालय द्वारा रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।