महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 नवम्बर। कलेक्टोरेट स्थित समाज कल्याण विभाग परिसर में खड़ी कार का शीशा तोडक़र कल दोपहर करीब सवा 3 बजे अज्ञात उठाईगिरों ने 3 लाख रुपए की चोरी कर ली। प्रार्थी द्रोण चंद्राकर की शिकायत पर पुलिस इस मामले में अज्ञात के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में उठाईगिरों की तस्वीर पीएनबी बैंक के सामने एक गुपचुप ठेले के पास दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार बावनकेरा के पूर्व सरपंच व कांग्रेस नेता द्रोण चंद्राकर कल ग्राम खुशरूपाली निवासी दाऊ विनोद चंद्राकर के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली खरीदने हेतु केसीसी लोन निकालने पंजाब नेशनल बैंक महासमुंद आया था। वहां से वे 3 लाख रुपए केसीसी लोन लेकर निकले। उठाईगिर बैंक के सामने से ही उनका पीछा करते हुए कलेक्टर ऑफिस तक पहुंच गए। श्री चंद्राकर कुछ कार्य से समाज कल्याण विभाग के सामने कार लॉक कर अंदर मत्स्य विभाग गए थे। वहां से वे 5 मिनट बाद बाहर निकले। कार के पास वे पहुंचे तो कार का शीशा टूटा हुआ मिला।
कार के पास में खड़ी एक महिला ने उन्हें बताया कि दो लोग बाइक से आए थे और कार का शीशा तोडक़र झोला उठाकर भागे हैं। श्री चंद्राकर ने तत्काल 112 को सूचना दी तथा सिटी कोतवाली पहुंचकर चोरी की सूचना पुलिस को दी। पश्चात पुलिस कर्मी घटना स्थल पहुंचे।
श्री चंद्राकर ने बताया कि सीसी टीवी कैमरे की फुटेज देखने की मांग की गई। जिस पर कलेक्टोरेट के कर्मचारी ने सीसी टीवी कैमरे खराब होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कलेक्टरोट परिसर में लगे सभी 6 सीसी टीवी कैमरा खराब है। उन्होंने बताया कि कार की डेस बोर्ड में रुपए के साथ बच्चे के लिए झोले में कपड़े भी रखे थे। चोरों ने रुपए के साथ कपड़ा का झोला भी ले गया। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।
द्रोण चन्द्राकर ने बताया कि वह ट्रॉली खरीदने के लिए पंजाब नेशनल बैंक से तीन लाख रुपए निकालकर कलेक्ट्रोरेट परिसर स्थित समाज कल्याण विभाग के बाहर वाहन खड़ा कर मत्स्य विभाग कागज जमा करने गये और जब वापस आये तो कार का शीशा टूटा मिला और पैसे गायब थे। उसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के रिकार्ड को देखने गये तो सीसीटीवी कैमरा खराब था। उसके बाद पुलिस को सूचना दी।
इस पूरे मामले मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का कहना है कि उठाईगिरी की सूचना मिली है। घटना स्थल जाकर देखा गया है जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा लगाये गये सभी सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे हंै। प्रार्थी ने अभी केवल सूचना दी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। इस खबर से शहर में चर्चा है कि जब कलेक्ट्रोरेट परिसर ही सुरक्षित नहीं है तो शहर में सुरक्षा के इंतजामो का अंदाजा सहज ही लग रहा है।