महासमुन्द
अब तक 1 लाख 873 क्विंटल धान खरीदी के लिए टोकन काटे जा चुके हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 नवम्बर। जिले में आज सुबह आठ बजे से धान की खरीदी शुरू हो चुकी है। कल देर रात तक किसी तरह तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने बताया कि सभी सोसायटियों में धान खरीदी की तैयारी पूरी कर ली गई है। आज 14 नवंबर की सुबह से धान की खरीदी शुरू हो चुकी है। अब तक 1 लाख 873 क्विंटल धान खरीदी के लिए टोकन काटे जा चुके हैं। इन टोकनों पर 2148 किसान आज पहले दिन धान बेच सकेंगे। अब तक करीब 26000 गठान नया बारदाना पहुंच चुका है। प्रत्येक सोसायटी को 40-40 गठान की आपूर्ति जिला स्तर से की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि जिन सोसायटियों में बारदाना नहीं पहुंच पाया है, वहां आज सुबह से बारदाना पहुंचाया जा रहा है। तराजू और बांट से तौलने के परंपरागत तरीके के स्थान पर इस बार से सोसायटियों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों से धान खरीदी की जाएगी।
ये मशीनें सभी सोसायटियों में पहुंच गई है। रही बात सीसीटीवी कैमरे की तो करीब 2 दर्जन समितियों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का आदेश था लेकिन उन्हें अब तक नहीं लगाया जा सका है। अधिकांश सोसायटियों ने हमालों से अनुबंध की औपचारिकता कल ही पूर्ण कर ली है।
मालूम हो कि जिला प्रशासन की तैयारी भी जोरों पर है। जिले में 182 उपार्जन केंद्रों के जरिये धान खरीदी शुरू हुई है। अभी तक एक भी नया केंद्र खोलने की अनुमति नहीं मिली है। जबकि 22 नए केन्द्र खोलने का प्रस्ताव रायपुर भेजा गया था।