महासमुन्द

सेवानिवृत्त प्रधानपाठक का सम्मान
09-Nov-2024 2:27 PM
सेवानिवृत्त प्रधानपाठक का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 नवंबर। शासकीय हाईस्कूल सोरिद की सेवानिवृत्त प्रधान पाठक सरिता तिवारी ने कल एक पत्रकार वार्ता में कहा कि स्कूल की दायित्व पूरी हो चुकी है लेकिन शिक्षक की जिम्मेदारी आजीवन निभाती रहूंगी। क्योंकि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। मेरी नजर में शिक्षा का कार्य केवल अक्षर ज्ञान ही नहीं है। प्रत्येक विद्यार्थी खुद में एक मानव संसाधन है। उनके गुणों व कर्तव्यों तथा संस्कारों पर ही भावी पीढ़ी का भविष्य निर्भर है। शिक्षक स्वयं अनुशासिक होकर छात्रों कोअनुशासन में रख सकता है। मानव संसाधन को विकसित करने तथा उन्हें विविध आयामों से सुसज्जित करने का दायित्व शिक्षक पर होता है।

उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं एक शिक्षक हूं। आज भले ही मैं सरकारी तौर पर कानूनी प्रक्रिया के तहत सेवा निवृत्त हुई हूं, पर एक शिक्षक कभी अपने दायित्वों से निवृत्त नहीं हो सकता। ऐसी शिक्षा किस काम की जो साधारण जनों का जीवन संघर्ष के लिये क्षमतावान न बना सके। इसीलिये मैंने केवल कक्षा में अध्यापन को ही गति दी। बल्कि रेडक्रास, स्काउट गाईड, खेल साक्षरता, विविध साक्षरता में भी और सबसे अधिक राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से युवा वर्ग को सामुदायिक भावना एकता की डोर के मजबूत करते हुये सामाजिक उत्थान, राष्ट्रीय प्रेम और एक अच्छा इंसान बनाने हेतु लगातार प्रयास किया। वर्ष 2001 से 2023 तक दूरस्थ ग्राम में शिविर लगाकर सेवा भाव से कार्य किया जो मेरे जीवन का सबसे अमूल्य पहलू है।

उन्होंने बताया कि साक्षरता के माध्यम से जन-जन तक अक्षर ज्ञान फैलाते हुये समूह गठन कर उन्हें बैंक से रोजगार दिलाना, समय से ऋण पटाने की दिशा में काम करना मेरी प्राथमिकता था। एक शिक्षक होने के बाद भी मुझे जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान व सहयोग मिला व अविस्मरणीय है। विधिक साक्षरता के माध्यम से न्यायाधीश अनिल शुक्ला व आशीष पाठक के साथ अंतिम छोर तक विधिक ज्ञान  गंगा बहाने का सुअवसर प्राप्त हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना में 7 नेशनल ट्रेकिंग, हाईकिंग, कल्चर प्रोग्राम का हिस्सा बनने व छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। अपने जीवन के सफलता के लिये मैं अपने संस्था के प्राचार्य का भी हृदय से धन्यवाद करती हूं। जिन्होंने मेरे हर निर्णय पर अपना पूर्ण समर्थन व विश्वास दिखाया।

बताया कि मुझे समाज के हर तबके का पूर्ण समर्थन व स्नेह प्राप्त हुआ। शायद इसी वजह से मैं आज संतुष्टि का अनुभव कर रही हूं। हमारे विधायक, जन प्रतिनिधियों ने भी हौसला अफजाई करते हुये हर पल छोटे से छोटे कार्यक्रमों से अपना सहयोग प्रदान किया। बालिका सुरक्षा, आत्मरक्षा हेतु कराते प्रदर्शन व गांव-गांव तक कराते सिखाने में पुलिस विभाग ने मुझे सहभागी बनने का अवसर दिया। संपूर्ण साक्षर जिला हो या कराते में  गोल्डन वल्र्ड रिकार्ड, मैं भी एक कड़ी के रुप में जुड़ी रही। यही मेरे जीवन का सबसे बड़ा पुरस्कार है। मेरे जीवन में बहुत से लोगों के जैसे मेरे पति प्रमोद तिवारी, मेरे बच्चे स्नेहा व स्वप्निल, मेरे माता पिता बीएल शर्मा व सरोज शर्मा का योगदान रहा। एक महिला के लिये घर परिवार, समाज, नौकरी तभी संभव है जब उसमें परिवार का विश्वास हो। सौरिन चन्द्रसेन, डॉ. साधना कसार, सुभाष चंद्राकर,डा. मालती तिवारी, जीआर सिन्हा, आयशा लतीफ, हिमांशु भारती व रेखराज शर्मा का भी मैं आभार व्यक्त करना चाहती हूं।


अन्य पोस्ट