महासमुन्द
महासमुंद, 9 नवंबर। नगर पालिका में कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारियों को 10 नवंबर से अपनी उपस्थिति अब निष्ठा एप में दर्ज करानी होगी। इस संबंध में सीएमओ विजय पांडेय ने आदेश जारी किया है। आदेश में उन्होंने कहा है कि 10 नवम्बर 2024 से समस्त अधिकारी कर्मचारी अनिवार्य रूप से निष्ठा एप के माध्यम से कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। आदेश के अनुसार पालिका में कार्यरत समस्त नियमित, अधिकारी-कर्मचारी, प्लेसमेंट पर कार्यरत, कुशल, अद्र्धकुशल तथा अकुशल श्रमिकों, स्वच्छता कमांडो तथा मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत कार्यरत स्वसहायता समूहों के सदस्य निष्ठा एप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी विजय पाण्डेय ने बताया है कि शासन ने निष्ठा एप में दर्ज उपस्थिति के आधार पर अधिकारी कर्मचारियों का उत्पन्न पेरोल के आधार पर ही वेतन भुगतान करने का निर्देश दिए हैं। अन्य किसी प्रक्रिया से दर्ज की गई उपस्थिति को मान्यता नहीं दी है। आगामी 10 नवम्बर 2024 से महासमुंद नगर पालिका के सभी अधिकारी कर्मचारियों पर यह नियम लागू कर दिया गया है।