महासमुन्द

नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए झलप तहसील दफ्तर का घेराव करेंगे किसान
05-Nov-2024 2:35 PM
नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए झलप तहसील दफ्तर का घेराव करेंगे किसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 नवंबर।
पिछले रबी सीजन में हुए ओलावृष्टि से फसल को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति राशि की मांग को लेकर कल क्षेत्र के ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार झलप को एक ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह के भीतर मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की है। साथ ही किसानों ने चेतावनी दी है कि 9 नवंबर तक फसल क्षतिपूर्ति राशि नहीं मिली तो 11 नवंबर को किसान झलप तहसील दफ्तर के समक्ष उग्र आंदोलन करेंगे।

किसानों ने ज्ञापन में कहा है कि झलप. पटेवा क्षेत्र में विगत वर्ष रबी सीजन में वोलावृष्टि हुई थी। जिससे धान के फसल को भारी नुकसान पहुंचा था। बार-बार ज्ञापन, आवेदन दे-देकर क्षेत्र के किसान थक चुके हैं। अब किसानों ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। अंतिम बार स्मरण पत्र सह ज्ञापन किसानों ने फिर नायब तहसीलदार झलप को दिया है। जिसमें कहा गया है कि 9 नवंबर तक क्षेत्र के ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि प्रदान नहीं की गई तो 11 नवंबर सोमवार को क्षेत्र के सैकड़ों किसान झलप तहसील दफ्तर का घेराव कर उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान परसराम साहू, धनेश्वर चंद्राकर, हरिराम मन्नाडे, पुनीतराम, मन्नुलाल साहू, रघुवंशी पटेल, दुर्गाचरण साहू, भोलाशंकर साहू सहित गोंड़पाली, नवागांव, तेंदुवाही, सिनोधा, बरभांठा, बरेकेलखुर्द, बांसकुड़ा, जलकी, बिरबिरा के ग्रामीण उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट