महासमुन्द

आधी रात गांव के दैहान में खोडऱा गड़ा मातर का आगाज
03-Nov-2024 3:51 PM
आधी रात गांव के दैहान में खोडऱा गड़ा मातर का आगाज

 गायों-भैंसों को सोहई बांध खिचड़ी खिला सामूहिक भोज 

 रंग-बिरंगे खूबसूरत पहनावे संग मयूरपांखी खुमरी पहन गांवों की गलियों में नाच रहे राउत 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 नवंबर।
आधी रात गांव के दैहान में खोडऱा गड़ाते ही मातर कार्यक्रम का आगाज हुआ जो आज देर रात तक जारी रहेगा। सुबह से राउतों ने घर-घर जाकर गांव के लोगों को मातर का निमंत्रण दे दिया है। रंग-बिरंगे खूबसूरत पहनावे के साथ मयूरपंख लगी खुमरी को सिर पर पहन सजी-धजी लाठियां पकडक़र बाजे-गाजे के साथ गांवों की गलियों में नाचते हुए ठाकुरदेव, शीतला आदि देवी देवताओं को मनाने का क्रम जारी है। शाम को गांव के दैहान में मुख्य कार्यक्रम होगा जहां गायों, भैंसों को सोहई बांधकर, खीर-खिचड़ी खिलाने के बाद सभी लोग एक साथ बोजन करके कार्यक्रम का समापन करेंगे। 

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के गांवों में मातर, मेला मंडाई की परंपरा है। यहां सुरहोती (लक्ष्मीपूजा), दीपावली(गोवर्धन पूजा) के अगले दिन मातर मनाने की परंपरा है। मातर में मा का अर्थ है माता, और तर यानी उनकी शक्ति को जगाना माना जाता है। इस पर्व में गाय की पूजा की जाती है। छत्तीसगढ़ में यह पर्व मुख्य रूप से यादव राउत, ठेठवार, पहटिया समाज के लोगों के द्वारा मनाया जाता है। परंतु अन्य समाज के लोग मतलब पूरा का पूरा गांव शामिल होता है। यादव समुदाय के लोग घर-घर जाकर उनके गोवंश को सोहई बांधकर दोहा के साथ राउत नाच नाचते हैं।

आज के दिन गांव के गौठान दैहान में यादव समुदाय के लोग पारंपरिक परिधान, बांहों में बांहकर, पेटी, कौड़ी से बने साजू, रंगबिरंगी पगड़ी, हाथों में फुलेता फूलों से सजी तेंदू की लाठियां और पांव में घुंघरू पहन कर इक_ा होते हंै। खुड़हर देव, सांहड़ा देव, पशुधन और सोहाई की पूजा अर्चना की जाती है। यादव समाज के लोग गोवंश को सोहई दुहर की माला पहनाते हैं। इसके बाद नए अनाज से गायों, भैसों के लिए भोजन बनता है। 

गाय के दूध से रात को खीर बनाई जाती है और सारी रात दोहे पढ़े जाते हैं। इस पर्व में लाठी चलाने की भी परंपरा है। लाठी को खुद पर पडऩे से रोकने के लिए लोग हाथों में फरी पहने होते है, जो लोहे का बना एक ढाल जैसा होता है जिसके सामने से एक नुकीली आकृति निकली हुई होती है। इसे लाठी झोंकना कहते हंै। जबकि सोहई मोर पंख और दुहर पेड़ की छाल से बनी विशेष माला होती हैं। आज के दिन गांव के लोग गौठान में तरह-तरह के करतब भी दिखाते हैं। 
 


अन्य पोस्ट