महासमुन्द
सांकरा क्षेत्र के लोहाराकोट की 7.180 हेक्टेयर भूमि का हुआ था सौदा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 अक्टूबर। जमीन बेचने का सौदा कर 90 लाख रुपए की ठगी के एक मामले में सांकरा पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सांकरा थाना प्रभारी राणा सिंह ठाकुर ने बताया कि गौरव अग्रवाल निवासी 309 नेशनल कॉर्पोरेट पार्क आपोजिट मारूति बिजनेस पार्क जीई रोड रायपुर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह नीलांचल इंडस्ट्रीज प्रा. लि. का डायरेक्टर है। 04 जनवरी 2022 को अवध नारायण दीक्षित (76) भोकलूडीह से ग्राम लोहराकोट में उसके नाम पर स्थित जमीन खसरा नं 406, 407, 408, व 409 कुल रकबा 7.180 हेक्टेयर भूमि को बिक्री हेतु 95 लाख, 75 हजार रुपए में सौदा पत्र इकरारनाम हुआ।
इसके बाद 5 जनवरी 2022 एवं 8 फरवरी 2022 को बिक्री के लिये निर्धारित कुल रकम में से क्रमश: 40 लाख एवं 50 लाख रुपए कुल 90 लाख रुपए विक्रेता अवध नारायण दीक्षित के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के खाता में आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान किया। 31 जनवरी 2022 को रजिस्ट्री के बाद शेष रकम देने का सौदा हुआ था और 10 फरवरी 2022 को अवध नारायण दीक्षित की मृत्यु हो गयी।
सौदापत्र इकरारनामा के मुताबिक भूमि स्वामी द्वारा भूमि को परिवारजनों की पूर्ण सहमति एवं रजामंदी से विक्रय करना तथा भूमि स्वामी की मृत्यु होने की स्थिति में उनके वारिसानों एवं उत्तराधिकारियों द्वारा रजिस्ट्री कराये जाने का उल्लेख किया गया था। किंतु उनके पुत्र एवं विधिक उत्तराधिकारी आनंदवर्धन गोविंद दीक्षित, आतंकमर्दन कृष्ण दीक्षित ने रजिस्ट्री नहीं कराया। रजिस्ट्री कराने के लिए कहने पर टाल मटोल करते रहे। जमीन खरीदी हेतु दी गई रकम 90 लाख रुपए भी वापस नहीं किया।
देनदार का आरोप है कि उक्त जमीन को अन्य व्यक्ति के पास छल पूर्वक विक्रय करने की फिराक में हैं। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी आनंदवर्धन गोविंद, आतंकमर्दन श्रीकृष्ण दीक्षित के खिलाफ 34, 420 भादंवि के तहत अपराध कायम किया है।