महासमुन्द

इस दिवाली धान खेतों में, किसानों के हाथ खाली, बाजार फीका
28-Oct-2024 3:12 PM
इस दिवाली धान खेतों में, किसानों  के हाथ खाली, बाजार फीका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 अक्टूबर। इस बार 15 नवंबर से धान खरीदी की वजह से शहर सहित अंचल भर में दीपावली का बाजार फ ीका है। किसानों के धान खेतों में है। अत: महज नौकरी पेशा तथा प्रायवेट कंपनियों में काम करने वाले ही खरीददारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। जिले भर की स्थिति यही है। पूर्व के वर्षों में धान खरीदी 1 नवंबर को शुरू हो जाती थी। लेकिन इस बार 1 नवंबर छुट्टी है और इसी दिन दीपावली का त्योहार पड़ रहा है।

वैसे भी दीपावली को लेकर अधिकांश लोग अपने गृह ग्राम जाते हैं। यदि इस दिन से खरीदी की भी गई होती तो भी इसका लाभ किसानों को नहीं मिल पाता। दूसरी ओर केवल हरुना प्रजाति की फसल ही कटाई के लिए तैयार है। अन्य प्रजाति के धान को अभी 15 दिन और लगेंगे। ऐसे में किसान अपने फसल त्यौहार के बाद ही काटेंगे। कटाई नहीं होने की वजह से इस बार किसानों की दीपावली फ ीकी है। पिछली बार सरकार द्वारा बोनस की राशि किसानों के खाते में डाली गई थी थो किसानों ने बाजार में जबरदस्त पैसा खर्च किया था।

इस बार अब तक किसानों के हाथ खाली हैं। कई स्थानों पर अल्प वर्षा की वजह से धान की पैदावार कम होने की संभावना है। वर्तमान में कीट लगने से धान की फसल प्रभावित हो रही है। बारिश ठीक थी तो किसानों ने बंपर उत्पादन की उम्मीद लगा रखी थी। लेकिन खड़ी फसल पर कीटों के हमले ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

धान की फसल खराब होने के कारण दीवाली से पहले जिले के किसान प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे हैं। रोग से धान की फसल को जो नुकसान हुआ है, उसका सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति दिलाने के जिले भर के किसान हाथ में खराब फसल लिए तहसील कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं।


अन्य पोस्ट