महासमुन्द

उल्टी दस्त के रोगियों की निगरानी
27-Oct-2024 3:57 PM
उल्टी दस्त के रोगियों की निगरानी

घर-घर जाकर सर्वे करने के निर्देश 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अक्टूबर।
बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोमा में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी कुदेसिया ने बैठक लेकर समीक्षा की तथा ग्राम कोमा में फैले उल्टी दस्त के रोगियों की निगरानी सहित घर-घर जाकर सर्वे करने हेतु निर्देशित किया।

उन्होंने प्रभावित मरीजों का उपचार सहित बचाव एवं रोकथाम करने, सर्वे की रिपोर्ट, प्रभावित ग्राम का दौरा कर सर्वे टीम एवं स्वास्थ्य शिविर में जाकर चिकित्सक से जानकारी लेने दिशा-निर्देश दिए। साथ ही ग्राम सरपंच सविता गोस्वामी एवं आमजन से स्वच्छता तथा संक्रमित जल स्रोत को बंद कर टैंकर से शुद्ध पेयजल पेय हेतु अनुरोध किया गया। 

ग्राम पंचायत कोमा में लगे स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक उपचार करने, गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करने हेतु निर्देश दिया गया। चिकित्सीय टीम को दिन एवं रात में शिविर लगाकर उपचार करने सहित प्रति दिवस जानकारी प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया है। 

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी कुदेशिया एवं जिला नोडल अधिकारी आईडीएसपी डॉ छत्रपाल चंद्राकर, खंण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ बीएस बढ़ई, खंण्ड विस्तार अधिकारी मीनकेतन चौधरी, बीपीएम हेम कुमार सोनकर, डॉ दिलीप सतपथी, बी एल मिश्रा सेक्टर प्रभारी, सेक्टर पर्यवेक्षक मीना चन्द्राकर, धनंजय साहू सेक्टर सुपरवाइजर सहित सेक्टर खल्लारी के कर्मचारी सीएचओ, आरएचसी महिला एवं पुरुष व ग्राम की मितानिन, कोटवार एवं जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट