महासमुन्द
बैठक कर ग्रामीणों से चर्चा की जाएगी- खरीदी केंद्र प्रभारी
श्मशान घाट में खरीदी केन्द्र खोलना गलत-नोडल अधिकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अक्टूबर। जिले के ग्राम खोखसा में सरकारी जमीन नहीं मिली तो अधिकारियों-कर्मचारियों ने गांव के श्मशान घाट की जमीन पर ही धान खरीदी केन्द्र खुलवा दिया। अब गांव वालों को इससे नाराजगी है और बताते हैं कि मृत व्यक्तियों के अंतिम क्रियाकर्म को लेकर बेहद परेशानी हो रही है।
मालूम हो कि जिले में इस साल 14 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। इसको लेकर अधिकारी-कर्मचारी के साथ ही समिति प्रबंधकों ने तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में आम तौर पर खरीदी केन्द्र मैदान में बनाया गया है, लेकिन बसना ब्लॉक के ग्राम खोखसा पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल खोखसा में उपार्जन केन्द्र खोलना था, लेकिन अधिकारियों को सरकारी जमीन नहीं मिल रही थी तो आनन-फ ानन में अधिकारियों ने गांव के श्मशान घाट में ही धान उपार्जन केन्द्र खोल दिया। अब इसको लेकर आपत्तियां उठाने लगी है। इससे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। अब ग्रामीण खरीदी केन्द्र को हटाकर दूसरे जगह में केन्द्र खोलने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक अब शवों को जलाने के लिए गांव में जगह ही नहीं बच पाई है। ठंड के सीजन में बुजुर्गों की मौत होने की आशंका बनी रहती है। अभी जिस श्मशान में लाश को जलाया जाता है, वहां खरीदी केन्द्र का पुराना बारदाना रखा हुआ है।
धान खरीदी केंद्र प्रभारी हर कुमार पाटिल कहते हैं कि उपार्जन केंद्र खोलने के लिए 5 एकड़ जगह चिहांकित कर पंचायत से प्रस्ताव मिला था। इसके आधार पर खोला गया है। फिलहाल श्मशान घाट में बात न उठे, इसको लेकर बैठक कर ग्रामीणों से चर्चा की जाएगी। यहां वर्तमान में बम्हनीडीह, खोखसा, पकरापाली के किसान धान बेचने आते हैं। पथरीला इलाका होने के कारण यहां जेसीबी लगाकर साफ.सफाई की तैयारी चल रही है।
इस संबंध में खोखसा के सरपंच प्रतिनिधि भोकसिंह दीवान का पक्ष जानने के लिए उन्हें 3-4 बार कॉल किया गया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। फोन की घंटी बजती रही। लेकिन फोन नहीं उठाया। हालांकि धान का समर्थन मूल्य बढऩे के कारण इस साल किसानों ने धान की खेती में रुचि दिखाई है।
खरीदी केंद्र प्रभारी हर कुमार पाटिल ने बताया कि खरीदी केन्द्र उड़ेगा के अंतर्गत दो उपार्जन केन्द्र आते हैं। इसमें खोखसा और पुरुषोत्तमपुर शामिल हैं। केवल खोखसा उपार्जन केन्द्र में तीन गांव के करीब 300 किसान पंजीकृत हंै। वहीं उड़ेगा, खोखसा और पुरुषोत्तमपुर मिलाकर कुल 1300 किसान पंजीकृत हैं। इस साल नए 50 किसानों ने धान बेचने पंजीयन कराया है।
वर्तमान में नए पंजीयन का धान बेचने के लिए पंजीयन किया जा रहा है। 31 अक्टूबर तक नए किसानों का पंजीयन किया जाएगा। उसके बाद छूटे हुए किसान सोसाइटी में धान नहीं बेच पाएंगे। लेकिन सबसे ज्यादा शिकायत रकबा में हुए गलती के कारण किसानों को भटकना पड़ रहा है। प्रभारी ने बताया कि आसपास के 10 से अधिक गांव के किसान धान बेचने पहुंचते हैं। सबसे ज्यादा रकबा में हुए त्रुटि के संशोधन के लिए आवेदन आ रहे हैं। अब तक तीनों केंद्र मिलाकर 100 आवेदन मिल चुके हैं।
धान खरीदी के जिला नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने बताया कि इसकी जानकारी नहीं थी आज पता चल रहा है। श्मशान घाट में खरीदी केन्द्र खोलना गलत है। टीम को भेजकर जांच कराया जाएगा। साथ ही नया जमीन तलाश कर व्यवस्था बनाई जाएगी।