महासमुन्द

वल्लभाचार्य में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए स्वाध्यायी विद्यार्थी नीति 2024 का अनुमोदन
25-Oct-2024 7:10 PM
वल्लभाचार्य में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए स्वाध्यायी विद्यार्थी नीति 2024 का अनुमोदन

महासमुंद, 25 अक्टूबर। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के आदेशानुसार  शासकीय महाविद्यालय में स्वाध्यायी विद्यार्थी के रूप में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए स्वाध्यायी विद्यार्थी नीति 2024 का अनुमोदन किया गया है।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.अनुसुइया अग्रवाल ने बताया कि स्वाध्यायी विद्यार्थी से तात्पर्य नियमित रूप से प्रवेश न लेकर स्वाध्यायी रूप में अध्ययन करते हैं और परीक्षाओं में शामिल होते हैं उन्हें स्वाध्यायी विद्यार्थी के रूप में मान्य किया जाता है। स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए स्नातक पाठ्यक्रम, विश्वविद्यालय के अध्यादेश 4 वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम के अनुसार अध्यादेशित होंगे।

सभी राजकीय विश्वविद्यालयों एवं शासकीय महाविद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने के कारण एकरूपता लाने के लिए स्वाध्यायी विद्यार्थियों हेतु नीति लागू किया गया है।

डॉ. ई पी चेलक एन ई पी प्रकोष्ठ के संयोजक ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने विषय का चयन नहीं किया है वे अनिवार्य रूप से महाविद्यालय में उपस्थित होकर मार्गदर्शन उपरांत विषय का चयन कर लेंवे। विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों की सहमति उपरांत विषय चयन की सुविधा 21 से 26 अक्टूबर तक रखी गई है। विषय चयन करने से विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरते समय विषय संबंधित किसी भी प्रकार की शंका नहीं रहेगी। ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने केवल अपना पंजीयन विश्वविद्यालय से किया है उनको महाविद्यालय आकर विषय चयन करना अनिवार्य है। लगभग 50 फीसदी विद्यार्थी महाविद्यालय में आकर प्राध्यापकों से मिलकर विषय का चयन अब तक कर चुके हंै, शेष विद्यार्थी भी महाविद्यालय में उपस्थित होकर विषय चयनित कर लें, जिससे 15 नवंबर से ऑनलाइन विश्वविद्यालय में फॉर्म भरने में एवं शुल्क जमा करने में उन्हें कोई परेशानी न हो।


अन्य पोस्ट