महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 21 अक्टूबर। महासमुंद जिले के रेहटीखोल अंतराज्यीय चेक पोस्ट सिंघोड़ा के पास पुलिस ने 2 पैदल यात्रियों से 23 लाख रुपए नगद जब्त किये हैं। ये नगदी कहाँ से लेकर आए तथा किसे देने वाले हैं। बाबत युवकों से पूछताछ की जा रही है। युवकों के पास इस रकम की वैधता के संबंध में किसी भी प्रकार के दस्तावेज नहीं थे। फलस्वरूप रकम की जब्ती कर आईटी व जीएसटी विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार चेक पोस्ट के पास अवैध गांजा तथा शराब को लेकर कल पुलिस आने- जाने वाले वाहनों की जाँच में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति लोहराचट्टी ओडिशा की तरफ से पैदल चलकर दो पिट्टू बैग रखकर एनएच 53 रोड पर ग्राम रेहटीखोल की ओर आ रहे हैं। बैग में कुछ संदिग्ध सामान रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम को ग्राम रेहटीखोल के पास दो व्यक्ति आते दिखे। जिन्हें रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ करने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे थे। जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर पास रखे बैगों की तलाशी ली गई तो एक व्यक्ति के पिट्टू बैग से 15,42,000 रूपये तथा दूसरे व्यक्ति के पिट्टू बैग से 7,10,800 रूपये, कुल 22,52,800 रूपये मिले।
उक्त रकम की वैधता के संबंध में दस्तावेज पेश करने हेतु कहा गया। लेकिन, वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। जिससे उक्त व्यक्तियों के कब्जे से जुमला कुल 22,52,800 रूपये जब्त कर थाना सिंघोड़ा में धारा 106 भा.ना.सु.सं. के तहत कार्रवाई की गई।
इस संबंध में सिंघोड़ा थाना प्रभारी महेश साहू ने जानकारी दी कि युवकों ने उन्हें बताया है कि रायपुर में उनकी दुकान है तथा ओडिशा में कारोबार फैला हुआ है। अत: वे रुपए एकत्र कर ला रहे थे। उनका वाहन रास्ते में खराब हो गया था। इसलिये वे पैदल ही निकल पड़े थे। फिलहाल पुलिस ने जीएसटी तथा इनकम टैक्स अधिकारियों को सूचित किया है।