महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 अक्टूबर। जिले के सरायपाली अंचल में मूंगफली की खेती अत्यधिक तादात में होती है। इस वक्त यहां टिकरा फसलों में प्रमुख रूप से उगाये जाने वाले मूंगफली की फसल तैयार हो चुकी है और विगत कुछ दिनों से किसानों के द्वारा इसे खुदाई करके घरों में लाया जा रहा है। हालांकि वर्तमान में जो किसान मूंगफली की खुदाई नहीं कर पाये हैं, वे इसके लिए बारिश का भी इंतजार कर रहे हैं, ताकि खुदाई के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।
मालूम हो कि सरायपाली क्षेत्र के अनेक गांवों में धान के साथ-साथ टिकरा फसलों पर भी विशेष ध्यान जाता है। इनमें मूंगफली, उड़द, मूंग आदि फसलें प्रमुख रूप से ली जाती है। वर्तमान में मूंगफली की फसल तैयार हो गई है और किसानों के द्वारा इसकी खुदाई कर निकालने का कार्य किया जा रहा है। हालांकि कुछ स्थानों पर पखवाड़े भर पहले से ही मूंगफली निकालना शुरू हो गया था। लेकिन अधिकांश स्थानों पर अभी भी इसकी खुदाई नहीं की गई है।
कुछ किसानों ने बताया कि मूंगफली की खुदाई के लिए वे एक बारिश का इंतजार कर रहे ई हैं। ताकि खुदाई में आसानी हो। बीते कुछ दिनों से मौसम सूखा होने और बारिश नहीं होने के कारण टिकरा में मूंगफली की खुदाई के लिए परेशानी हो रही है। यदि जल्द बारिश नहीं होती है तो, वैकल्पिक व्यवस्था कर टिकरा में पानी देना पड़ेगा। तभी मूंगफली की खुदाई हो पायेगी।
वहीं जो किसान मूंगफली की खुदाई कर उसे घर ला चुके हैं, वे इसे सुखाने का कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र के कई गांवों की गलियों, सडक़ों पर इन दिनों मूंगफली सूखते हुए देखा जा सकता है। सरायपाली अंचल के ग्राम बलौदा, पलसापाली, किसड़ी, कोटद्वारी, अमलडीह, देवलभांठा, नयापारा, हरिबनपुर, अंतरझोला, बानीगिरोला, बैतारी, चट्टीगिरोला, बोंदा, नवापाली, सागरपाली, खरखरी, पलसाभाड़ी, छुईपाली आदि अनेक गांवों में प्रतिवर्ष मूंगफली की फसल ली जाती है। इनमें से कहीं-कहीं किसान टिकरा से मूंगफली निकालकर घरों में ला चुके हैं और सुखाने का कार्य कर रहे हैं। वहीं कई किसान अब भी मूंगफली निकालने के लिए एक बारिश की प्रतीक्षा में हैं।