महासमुन्द

बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, कई खतरनाक मोड़, दुर्घटनाएं बढ़ रही
16-Oct-2024 3:14 PM
बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, कई खतरनाक मोड़, दुर्घटनाएं बढ़ रही

पिछले साल इस रास्ते 55 सडक़ दुर्घटनाओं में 30 की मौत हुई थी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 अक्टूबर।
महासमुंद जिले के बसना से बिलाईगढ़ मार्ग में यातायात का दबाव बढऩे से बड़ी तेजी से दुर्घटनायें बढ़ रही है। परंतु उक्त मार्ग में उस स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही है। पिछले दिनों एक पिकअप ने जगदीशपुर की एक दम्पति को पीछे से टक्कर मार दी और भाग निकला। इसमें 6 वर्षीय बालिका की मौत हुई थी। इस दुर्घटना ने क्षेत्रवासियों में आक्रोश उत्पन्न कर दिया है। 

लोगों का कहना है कि बरसात के मार्ग बाद सडक़ का मेंटनेंस नहीं होने के कारण सडक़ किनारे बहुत सारे खरपतवार और पौधे उग आये हैं। जिसके कारण सायकल और बाइक चालक को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। 

मालूम हो कि इस मार्ग में कई ऐसे खतरनाक मोड़ हैं, जहां सामने से आता वाहन नहीं दिखाई देता और दुर्घटनाएं होती हैं। बसना पुलिस के अनुसार मार्ग में पिछले वर्ष में 55 सडक़ दुर्घटनाओं में 30 लोगों की अकाल मौत हुई है। बसना से बिलाईगढ़ मार्ग में तेजी से वाहनों की आवाजाही बढऩे और बड़े वाहनों के आवागमन से सडक़ों के उखडऩे का मामला भी प्रकाश में आया है। पथरला-बम्हनी से आगे सलिहा तक सडक़ छोटी और गड्ढे अधिक हो गये हैं। इनके कारण भी दुर्घटनाएं होते रहती हैं। इस सडक़ के निर्माण के बाद से इसका मरम्मत कार्य भी नहीं किया गया है। 

इस रास्ते पर सडक़ के किनारे बहुत सारे लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है। अत: सडक़ की चौड़ाई में कमी आयी है। वर्तमान में दुर्घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने इस सडक़ के चौड़ीकरण की मांग भी उठाई है। जगदीशपुर के पूर्व सरपंच पति लोरीश गुरूजी का कहना है कि जगदीशपुर अस्पताल के कारण आसपास के बहुत लोगों का आना-जाना लगा रहता है। लिहाजा बसना से बिलाईगढ़ मार्ग पर स्थित जगदीशपुर तक सडक़ चौड़ीकरण किया जाय। इसी मार्ग से शिवरीनारायण और गिरौदपुरी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गुजरना पड़ता है।  पथरला के पूर्व सरपंच दयानिधि ने बताया कि पथरला और पथरला से आगे भी सडक़ की मरम्मत करने की दरकार है। 


अन्य पोस्ट