महासमुन्द
महासमुंद,10 अक्टूबर। ग्राम अमलोर से दो माल वाहकों में कलेक्टोरेट पहुंचे ग्रामीणों को देखकर कल कलेक्टर ने सख्त कदम उठाते हुए माल वाहकों का चालान करने के निर्देश दिये। जिस पर फ ौरी कार्रवाई करते हुए जिला की परिवहन अधिकारी राम कुमार ध्रुव ने स्टाफ के साथ मौके पर जाकर दोनों वाहनों का चालान कर उनसे 11 हजार 500 रुपए समझौता शुल्क वसूला।
जानकारी अनुसार अमलोर के ग्रामीण गांव के किसी मामले को लेकर कलेक्टर से मिलने आये थे। ग्रामीणों के वाहन मुख्य द्वार के समीप ही थे। तभी कलेक्टर विनय कुमार लंगेह कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने उक्त दोनों हल्के मालवाहकों से ग्रामीणों को उतरते देख लिया। तत्काल उन्होंने डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार खांडे और जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव को दोनों माल वाहकों का चालान करने का निर्देश दिया।
निर्देश मिलते ही कलेक्टोरेट से श्री खांडे, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा और आरटीओ ऑफिस से जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव अपने-अपने स्टाफ के साथ पहुंचे। उन्होंने दोनों वाहनों के दस्तावेज देखें। एक वाहन बिना पंजीयन के ही चल रहा था।
पंजीयन शर्तों के उल्लंघन पर इस वाहन का चालान कर 6500 रुपए तथा पंजीयन शर्तों के उल्लंघन पर ही दूसरे मालवाहक का चालान कर 5000 रुपए, दोनों वाहनों से कुल 11 हजार 500 रुपए समझौता शुल्क वसूला गया। शुल्क वसूली के बाद दोनों वाहन चालकों और ग्रामीणों को समझाइश दी गई।