महासमुन्द

पिथौरा के पास गांवों में आधा दर्जन भालुओं का डेरा
01-Oct-2024 8:03 PM
पिथौरा के पास गांवों में आधा दर्जन भालुओं का डेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 1 अक्टूबर। नगर के समीप डिपोपारा, नयापारा एवं अठारागुड़ी ग्राम में सप्ताह भर से आधा दर्जन भालुओं ने डेरा डाला हुआ है। इनमें भालू के दो शावक भी बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण राजा शुक्ला एवं विक्की सलूजा ने बताया कि कल रात करीब 11 बजे नगर से कोई 2 किलोमीटर दूर महाविद्यालय के पहले बस्ती में दो भालू घूमते देख ग्रामीण दहशत में आ गए थे। पिथौरा बया मार्ग पर स्थित रमेश दिक्सित के घर के बरामदे में पहुंच कर वहां रखे चावल कोढ़ा को भालू ने अपना आहार बनाया।

उक्त सम्बन्ध में प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि भालू उनके मवेशी कोठा में कोई 2 घण्टा रुक कर मवेशियों के लिए भिगाये कोढ़ा एवं कनकी को आराम से खाकर चला गया। समीप ही मवेशी बंधे थे, उन्हें भी भालू ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। इसके अलावा आसपास के घरों में घुसने का प्रयास करते रहे।

प्रत्यक्षदर्शी राजा एवम विक्की ने बताया कि रात जब वे उस मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उन्हें एक भालू डिपोपारा स्थित नंदकिशोर अग्रवाल के घर के बाहर लगे गेट को फांदने का प्रयास कर रहा था। जिसे देख कर उन्होंने अपनी कार रोककर कार की हैंड लाइट से भालुओं को दूर खदेड़ा। इसके पूर्व लहरौद नयापारा एवम अठारगुड़ी में भी भालुओं की दहशत बरकरार है।

खाने की तलाश में भालू-ठाकुर

वन्य प्राणियों के बीच करीब 20 वर्ष से अधिक समय बीता चुके जानकर रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भालू अपने शावकों के साथ है, इसलिए वह खतरनाक हो सकता है। वैसे संभावना यह है कि भालू उम्रदराज होगा। अधिक उम्र के कारण भालू के पंजे घिस जाते हैं, जिसके कारण उक्त भालू जमीन से फल्ली भी नहीं उखाड़ पाया होगा लिहाजा वह पका पकाया खाने के लिए वे ग्राम में ग्रामीणों के घर तक पहुंच रहे हैं।

बहरहाल वन विभाग को तत्काल उसे जंगल की ओर खदेडऩा चाहिए, वरना वह कभी भी हिंसक हो सकता है। क्योंकि वर्तमान में वह फल्ली खाने की गरज से ग्राम के आसपास आता है और पेट नहीं भरने से वह ग्राम की तरफ प्रवेश भी कर रहा है। क्योंकि इस वर्ष अधिक बारिश के कारण उसका प्रिय भोजन दीमक नहीं मिल पा रही होगी। वन विभाग को तत्काल मामला संज्ञान में लेकर भालुओं को जंगल की ओर खदेडऩे की आवश्यकता है।

दूसरी ओर वन विभाग वन्य प्राणियों के शहर के आसपास पहुचने की खबर के बाद भी आंख मूंदे आराम कर रहा है। यदि हालात यही रहे तो कभी भी भालुओं के हमले की बड़ी खबर सुर्खिया बन सकती है।


अन्य पोस्ट