महासमुन्द

55 डेसिबल का नियम, पालन नहीं करने पर डीजे और वाहन राजसात
14-Sep-2024 8:09 PM
55 डेसिबल का नियम, पालन नहीं करने पर डीजे और वाहन राजसात

साउंड सिस्टम संघ का किराए में नहीं देने का निर्णय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 14 सितंबर। इस वर्ष गणेशोत्सव में ध्वनि प्रदूषण संबंधी सुप्रीम कोर्ट  के निर्देश एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा इसे कड़ाई से लागू करने के कारण डीजे एवं साउंड सिस्टम की कमी स्पष्ट दिखाई दे रही है। शहर में कोई आधा सैकड़ा स्थानों पर गणपति जी की स्थापना की गई है, परन्तु पंडालों में सन्नाटा पसरा है।

नगर के साउंड सिस्टम संघ ने एक बैठक लेकर अब सार्वजनिक कार्यक्रमों हेतु साउंड सिस्टम किराए में नहीं देने का निर्णय लिया है। लिहाजा संघ के इस निर्णय से नगर का गणपति उत्सव पूरी तरह फीका हो गया है।

इस सम्बंध में संघ के अध्यक्ष कोमल महन्ती , गजेंद्र ठाकुर, विककी मरावी, गिरजाशंकर, योगेश तिवारी सहित पूरे क्षेत्र के करीब 40 साउंड सिस्टम संचालकों की शुक्रवार को बैठक में निर्णय लिया गया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार 55 डेसिबल से अधिक साउंड में बजाने से सिस्टम राजसात एवं वाहन जब्त करने सम्बन्धी आदेश की जानकारी स्थानीय पुलिस द्वारा बैठक लेकर दी गयी। जिसके चलते अपने साउंड सिस्टम से आजीविका चलाने वाले सिस्टम राजसात होने के बाद अपनी आजीविका चलाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लिहाजा अब वे गणपति विसर्जन में भी सिस्टम किराए पर नहीं देंगे।

संघ के सदस्यों का तर्क है कि किराए में ले जाने के बाद समिति सदस्य अपने अनुसार डीजे या साउंड सिस्टम चलाते हंै। ऐसी स्थिति में हमारी आजीविका ही राजसात हो गई तो हमारा घर कैसे चलेगा।

मात्र नियमों के पालन करने कहा, रोका नहीं-थाना प्रभारी
थाना प्रभारी शशांक पौराणिक ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी सभी साउंड सिस्टम संचालकों को दी गई।उन्हें मात्र साउंड नियंत्रण में रखना है, परन्तु वे किसी को किराए में नहीं दे रहे, इसकी जानकारी नहीं है।


अन्य पोस्ट