महासमुन्द

घायल मवेशियों का गौशाला में इलाज जारी
10-Sep-2024 2:30 PM
घायल मवेशियों का गौशाला में इलाज जारी

मृत मवेशियों का अंतिम संस्कार

महासमुंद,10 सितंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 तोरला पड़ाव के पास कल सुबह-सुबह सडक़ पर बैठे मवेशियों को रौंद दिया था जिसमें चार की मौके पर ही मौत हो गई थी और दो घायल हो गए थे। पुलिस के मुताबिक रायपुर से सरायपाली की ओर जा रहे अज्ञात वाहन के चालक ने करीब 10 मीटर तक मवेशियों को घसीटा था। घायल मवेशियों को पिथौरा के एक गौशाला में इलाज के लिए भेजा गया है तथा मृत मवेशियों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मृत मवेशी किसके थे इसकी जानकारी ली जा रही है। 

गौरतलब है कि पिछले साल वर्ष 2023 में रायपुर से सरायपाली की ओर जा रही एक सवारी बस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर कोडार  काष्ठागार के सामने सडक़ पर मवेशियों के एक झुंड पर वाहन चढ़ा दिया था जिससे 18 मवेशियों की मौत हो गई थी। घटना के बाद चालक बस छोडक़र फरार हो गया था। कुल 18 मवेशियों में गाय, बैल सहित बछड़े-बछिया शामिल थे।

महासमुंद शहर के अंदर व राजमार्गों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े ने पालिका व प्रशासन की नाक में दम कर रखा है। शहर के अंदर सडक़ों पर घूमने वाले मवेशियों की समय-समय पर धरपकड़ की जा रही है। वावजूद सडक़ों पर हर रोज मवेशियों की संख्या बढ़ रही है। लेकिन हाइवे पर जमे मवेशियों को हटाने कोई प्रयास नजर नहीं आ रहा है। पटेवा थाना प्रभारी विनोद कश्यप ने बताया कि घटना सुबह 5 से 6 बजे की है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनएच आई कर्मचारियों की मदद से मवेशियों को सडक़ से हटाया और मार्ग बहाल कराया था।  


अन्य पोस्ट