महासमुन्द
कहा-पीने का पानी नहीं मिल रहा, खेत में फसल सूख रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 सितंबर। रोजाना 12 से 18 घंटे बिजली गुल से परेशान तेंदूकोना व आसपास के करीब दर्जन भर गांवों के ग्रामीणों ने भीखापाली में बिजली दफ्तर का कल शाम घेराव कर दिया। पुलिस की टीम ग्रामीणों को समझाने की कोशिश करती रही। लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से थाना प्रभारी बल समेत मौके पर पहुंच गए। काफी देर बाद आश्वासन और समझाइश के बाद अंतत: देर रात लोग अपने घरों को लौटे।
ग्रामीणों का कहना है कि अनियमित विद्युत आपूर्ति से गांवों में उपभोक्ता त्रस्त हैं। उससे भी ज्यादा तकलीफ इस बात की है कि विद्युत अफसर लोगों के फ ोन तक नहीं उठाते। अत: परेशान लोग बीते 2-3 दिनों से दफ्तर तक पहुंचने की कोशिश में थे। बताया कि तेंदूेकोना और आसपास के गांवों में रोज 12 से 18 घंटे तक बिजली गुल होती रही है। बिजली गुल की न तो सूचना दी जाती है और न ही फ ोन अटेंड किया जाता। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने कल शाम एकाएक भीखापाली में बिजली दफ्तर का घेराव कर दिया।
जब दफ्तर का घेराव हो रहा था, भीखापाली के विद्युत अधिकारी दौरे पर थे। उन्होंने घेराव की सूचना मिलते ही तेंदूकोना, बागबाहरा और कोमाखान के थाना प्रभारी को सूचना दी। सभी पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। थाना प्रभारी ग्रामीणों से लगातार चर्चा कर समझाने की कोशिश करते रहे। लेकिन ग्रामीण ठोस आश्वासन के बिना वहां से हटने के लिए तैयार नहीं हैं।
घेराव में तेंदुकोना से लेकर कोटनपाली, बिराजपाली, भीखापाली, सम्हर, शिकारीपाली, मोंगरापाली तथा आसपास के गांवों के ग्रामीण शामिल थे। बिराजपाली के किसान डोमन साहू का कहना है कि 2-3 महीने से अंचल के ग्रामीण रोजाना घंटों बिजली गुल से परेशान हैं। दिनभर बिजली बंद रहती है। रोज 12-18 घंटे बिजली बंद होती है। बिजली बंद होने से पानी टंकी नहीं भर पाती। फलस्वरूप नल नहीं खुलता और लोगों को पीने के लिए पानी तक नहीं मिलता।
उनका कहना है कि पखवाड़े भर से अच्छी बारिश नहीं होने से फसल को भी पानी की जरूरत है। लेकिन बिजली गुल होने के कारण मोटर पंप नहीं चल रहा है। इससे किसान अपनी फसल को पानी नहीं दे पा रहे हैं। इन दिनों तीज-त्यौहारों का सीजन है। तीज के बाद गणेशोत्सव भी शुरू हो चुका है। तीज पर आए मेहमान अभी घर पर ही हैं। ऐसे में वे भी दिनभर बिजली गुल से परेशान हैं। तेज धूप के कारण बढ़ी भीषण उमस ने गुस्से को और बढ़ाया है। नलों के नहीं खुलने से पीने की पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है। आखिरकार किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विद्युत दफ्तर का घेराव कर दिया। बताया कि फ ोन करने पर बिजली अधिकारी फ ोन अटेंड नहीं करते।