महासमुन्द

10 साल से बंदोबस्त त्रुटि नहीं सुधरा, किसान अनशन पर
05-Sep-2024 3:32 PM
10 साल से बंदोबस्त त्रुटि नहीं सुधरा, किसान अनशन पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 सितंबर।
किसानों की जमीन को शासकीय बताने तथा पिछले 10 साल बाद भी बंदोबस्त त्रुटि नहीं सुधारे जाने को लेकर कल बरोंडा बाजार तथा पाली के लगभग 27 किसानों ने तहसील कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया तथा अनशन पर बैठ गये। 

किसानों का कहना है इसके निराकरण के लिये वर्ष 2014 में कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद भी किसान पटवारी, तहसीलदार सहित अन्य दफ्तरों के चक्कर किसान काटते रहे। फिर भी 10 साल तक इसका निराकरण नहीं हो पाया। अंतत: किसानों ने अनशन का रास्ता चुना।

मिली जानकारी के मुताबिक आवेदक गणों को पूर्व में ग्राम बरोंडा बाजार स्थित भूमि खसरा नंबर 154 के टुकडों का आबंटन किया गया था। लेकिन आवेदकगण खसरा नम्बर 160 के भाग में काबिज वर्ष 1980 से किसानों को जिन्हें आबंटन मिला वे अपनी-अपनी काबिज भूमि पर खाद, ऋण, बीज व अन्य सुविधा का ल लेते आ रहे थे। वर्ष 1988-89 में ग्राम बंदोबस्त हुआ तथा पुराना खसरा नम्बर के स्थान पर नया खसरा नम्बर बनाया गया।

तब मूल आवेदकों को ज्ञात हुआ कि जिसका भूमि का आबंटन मिला तथा जिसमें वे काबिज हैं, उनका खसरा नंबर अलग-अलग है। मूल आवेदकों को जो ऋण पुस्तिका प्रदान किया गया है, उसका खसरा नम्बर 154 है। लेकिन जिसमें वे काबिज है उसका खसरा नंबर 160 है। इसका अर्थ यह हुआ कि जिस भूमि पर मूल आवेदकगण काबिज हैं, उसका ऋण पुस्तिका न देकर दूसरे खसरा नंबर की भूमि का ऋण पुस्तिका प्रदान किया गया है। 

पुराना खसरा नंबर 160 का नया खसरा न्याय नंबर 183, 184 का टुकड़ा 185, 186, 187, 189, 190, 191, 192, 193,197, 198, 199 बना जो कि वर्तमान में शासकीय भूमि के मद में दर्ज है। इस त्रुटि का सुधार करने हेतु कई बार प्रयास किया गया। परंतु कोई सुधार नहीं हुआ इसके पश्चात मूल आवेदकगण में से केशव, मंगलू, झंगलू, कुंदन आदि ने मिलकर कलेक्टर को उक्त त्रुटि को सुधारने हेतु आवेदन पत्र प्रस्तुत किया। 

जिसे कलेक्टर ने जांच हेतु नायब तहसीलदार महासमुन्द को भेजा था। नायब तहसीलदार महासमुंद द्वारा अभिलेख शाखा महासमुन्द द्वारा जांच प्रतिवेदन प्राप्त किया। 

उक्त जांच प्रतिवेदन को नायब तहसीलदार महासमुन्द ने अनुविभागीय महासमुन्द द्वारा त्पश्चात अनुविभागीय अधिकारी द्वारा अग्रिम कार्रवाई हेतु नायब तहसीलदार महासमुन्द को प्रेषित किए थे। इसके पश्चात तहसीलदार महासमुंद ने दिनाक 24-05-2023 को आवेदक के आवेदन पत्र को धारा 89 के  प्रावधानों के अनुरूप न होना मानते हुये खारिज कर दिया। किसानों की मांग है कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर उचित न्याय दिलाया जाये। जानकारी अनुसार ग्राम पाली के किसानों को जमीन का पट्टा मिला था। अब उस जमीन को फॉरेस्ट अपना बता रहा है। फलस्वरूप 2 सालों से ये किसान भी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। एक अन्य मामले में अंजली यादव का जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। तमाम दस्तावेज होने के बाद भी उसे दफ्तरों के चक्कर लगाना पड़ रहा है। 

कल किसानों के साथ मौके पर पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा, पार्षद देवीचंद राठी, पवन साहू, मोहन साहू सहित अनेक भाजपा जन पहुंचे थे।
 


अन्य पोस्ट