महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 सितंबर। छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड.बीएड संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में डीएड एवं बीएड प्रशिक्षित युवा मुख्यमंत्री के नाम से 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के दिन प्रदेश के पूरे 33 जिलों में कलेक्टर को ज्ञापन सौंप रहे हैं। इसी कड़ी में महासमुंद जिले के प्रशिक्षित डीएड बीएड योग्यताधारी युवा कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपेंगे और प्रदेश में शीघ्र 33 हजार शिक्षक भर्ती की मांग करेंगे।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड बीएड संघ महासमुंद के जिला अध्यक्ष संजय ओगरे ने बताया कि प्रदेश भर में लाखों युवा लंबे समय से शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के घोषणा पत्र में मोदी की गारंटी के 57000 शिक्षक भर्ती किए जाने का उल्लेख किया गया था। जिस पर भरोसा करते हुए अभी प्रशिक्षित बेरोजगारों ने बड़ी संख्या में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया था। जिसकी वजह से प्रदेश में भाजपा की बहुमत प्राप्त सरकार बन सकी।
यही नहीं विधानसभा के प्रथम सत्र के दौरान तत्कालीन शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने वर्तमान शिक्षण सत्र में 33000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी।
परंतु आज तक इस भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ नहीं किए जाने से प्रदेश भर के लाखों प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड अभ्यर्थी ठगा सा महसूस कर रहे हैं। अत: अब आंदोलन का मूड बना रहे हैं।