महासमुन्द

विधायक निवास पर मना तीजा-पोरा
04-Sep-2024 2:54 PM
विधायक निवास पर मना तीजा-पोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 सितंबर।
महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के निवास में तीजा-पोरा त्योहार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लक्ष्मी राजवाड़े थीं। कार्यक्रम में पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा व मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आयोजन में शामिल हुई महिलाओं को उपहार भेंट किया। साथ ही खेल में जीतने वाली महिलाओं को पुरस्कृत भी किया। 

इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी अपनी बहनों के लिए आयोजन किया था। ठीक इसी प्रकार विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपनी बहनों के लिए तीजा-पोरा का कार्यक्रम आयोजित किया है। उन्होंने इस आयोजन के लिए विधायक  को बहुत-बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीजा-पोरा हमारी संस्कृति से जुड़ी हुई है। खासकर महिलाओं के लिए यह त्योहार काफी महत्वपूर्ण होता है। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों के लिए हमारी सरकार महतारी वंदन योजना क्रियान्वित कर रही है। हर महीने 70 लाख  से अधिक महिलाओं के खाते में राशि पहुंच रही है। सोमवार को इस योजना की 7वीं किस्त जारी की गई है। जिससे तीजा-पोरा का उत्साह और  बढ़ गया। पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि तीजा-पोरा का त्योहार राज्य की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। महिलाओं से जुड़े होने के  कारण यह पर्व और भी खास हो जाता है। 

कार्यक्रम के आयोजन के लिए उन्होंने विधायक को बधाई दी एवं कार्यक्रम में शामिल हुई महिलाओं को भी बधाई और शुभकामनाएं  दी। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि पोरा त्योहार हमारी संस्कृति की पहचान है। यह त्योहार हमारे किसान भाइयों के साथ  भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने पोरा त्योहार मनाने के प्राकृतिक और धार्मिक दोनों कारणों को बताया। साथ ही उन्होंने तीजा के पर्व के संबंध में कहा कि  यह हमारी माताओं बहनों का त्योहार है। हमारा कर्तव्य है कि उनकी खुशी में हम भी शामिल हों। इसलिए इस आयोजन के माध्यम से मैं आज  अपनी बहनों के साथ यह त्योहार मना पाया। 

तीजा-पोरा त्योहार मनाने पहुंची महिलाओं के लिए खेलों का आयोजन किया गया। सबसे पहले कुर्सी दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें सुनिता शर्मा प्रथम, संगीता गोस्वामी द्वितीय व शीतल कुर्रे तृतीय स्थान में रहीं। इसी प्रकार फुगड़ी में रामेश्वरी निषाद प्रथम व श्यामा साहू  द्वितीय स्थान में रहीं। वहीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता की विजेता गीता रहीं। सभी विजेताओं को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष पप्पू  पटेल, श्याम साकरकर, धरम पटेल, मंडल महामंत्री प्रकाश शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू सहित वरिष्ठ नेतागण संदीप दीवान, अनिता  रावटे, निरंजना शर्मा, रमेश साहू, झनक लाल साहू आदि उपस्थित थे।  
 


अन्य पोस्ट