महासमुन्द

महासमुंद में भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू, कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री बघेल, सांसद बृजमोहन रहेंगे
03-Sep-2024 2:51 PM
महासमुंद में भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू,  कार्यक्रम  में प्रभारी मंत्री बघेल, सांसद बृजमोहन रहेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 सितंबर।
भाजपा का सदस्यता अभियान जिले में 4 सितंबर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। जिला भाजपा कार्यालय में सांसद व विधायकों को पहली सदस्यता प्रदान कर अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल या रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के शामिल होने की संभावना है। जिला स्तरीय इस कार्यक्रम के बाद 5 सितंबर से मंडल, शक्ति केंद्र व बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान आगे बढ़ेगा। वर्तमान में जिले में 1.37 लाख सदस्य हैं।
राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर अभियान की शुरुआत के बाद 4 सितंबर को जिले में सदस्यता अभियान का आगाज होगा। जिला अभियान के तहत इस दफे सांसद को 20 हजार तथा विधायक को 10 हजार प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष को 5 हजार तथा इससे नीचे नपं अध्यक्ष या अन्य प्रतिनिधियों को घटते क्रम में लक्ष्य दिया गया है। 

पदाधिकारियों में संगठन मंत्री से लेकर प्रदेशाध्यक्ष और कुल मिलाकर सांसद से सरपंच तक सभी को सदस्यता का लक्ष्य दिया गया है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक अभियान के प्रचार.प्रसार के लिए सांसद व जिला अभियान प्रभारी, जिलाध्यक्ष 4 या 5 सितंबर को प्रेस कांफ्रेंस लेकर विस्तार से जानकारी देंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष तथा इससे ऊपर के जनप्रतिनिधियों के लिए संख्या के साथ-साथ गुणवत्ता सर्व स्पर्शी का लक्ष्य भी निर्धारित किया जाएगा। 11 सितंबर के बाद सांसद को कार्यक्रम के मुताबिक घर-घर संपर्क करना है। जबकि 12 सितंबर को प्रमुख नेता, विधायक, मोर्चा के पदाधिकारी घर-घर संपर्क करेंगे। इसी तरह 11 से 17 सितंबर तक बूथ स्तर पर टोलियां घर-घर जाकर संपर्क करेगी। सप्ताह भर की इसी अवधि में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पार्टी का प्रचार करना है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलिब्धयों और पार्टी की विचारधारा को लोगों के समक्ष रखकर पार्टी का प्रचार करना है। खास बात यह है कि प्रत्येक बूथ में हाल के विधानसभा या 2019 या 2014 के आम चुनाव में डाले गए अधिकतम मतों का 75 प्रतिशत इस अभियान का लक्ष्य है।

भाजपा कार्यालय में सांसद, विधायक, संगठन के पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अतिथि के तौर मार्गदर्शन देने के लिए प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल या सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आने की संभावना है। अतिथि के हाथों ही सांसद, विधायकों को जिले की पहली सदस्यता देकर अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान के तहत पुरानी सदस्यता के स्थान पर नई सदस्यता लेनी होगी। जिला मुख्यालय में 4 सितंबर को अभियान की शुरुआत के बाद दूसरे दिन 5 सितंबर से ही सभी 18 मंडलों, शक्ति केंद्रों और बूथों में बैठक लेने के बाद सदस्यता अभियान का आगाज होगा। 

इन दिनों जिले भर में भाजपा जन सदस्यता अभियान को लेकर बैठकें ले रहे हैं। जिला स्तर पर बैठकों और प्रशिक्षण के बाद मंडल स्तर पर बैठकें हो चुकी है। अब शक्ति केंद्रों में बैठकें चल रही है। अभी प्राथमिक सदस्य बनाया जाना है तथा दूसरे चरण में 16 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। दिए गए नंबर पर मिस्ट कॉल देकर सदस्यता की प्रक्रिया पूरी करानी है।
 


अन्य पोस्ट