महासमुन्द

राज्यपाल को जिले के 10 किसानों का नाम तक नहीं बता पाए कृषि अफसर
31-Aug-2024 2:50 PM
राज्यपाल को जिले के 10 किसानों का नाम तक नहीं बता पाए कृषि अफसर

महासमुंद,31अगस्त। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका कल महासमुंद के एकदिवसीय दौरे पर रहे। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करने के बाद राज्यपाल रमेन डेका जिला पंचायत पहुंचे। जहां उन्होंने आकांक्षी जिला होने के नाते जिला पंचायत के सभाकक्ष में अधिकारियों की एक बैठक ली। इस दौरान राज्यपाल ने जिले में संचालित विभागीय कार्यक्रम और योजनाओं की समीक्षा भी की।

कलेक्टर विनय लंगेह ने राज्यपाल को पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले के भगौलिक स्थिति और क्रियान्वित कार्यों की जानकारी दी। बैठक में राज्यपाल डेका ने सभी विभाग के अधिकारियों से बारी-बारी विभागीय कार्यों की जानकारी ली।

इस दौरान कृषि विभाग की जानकारी के दौरान अधिकारी राज्यपाल को सही जानकारी नहीं दे पा रहे थे। जिस पर राज्यपाल ने उन्हें फील्ड में जाने की बात पूछी। अधिकारी के द्वारा फील्ड में जाने की बात कहने पर राज्यपाल ने उनसे जिले के 10 किसानों के नाम पूछ लिया। जिस पर अधिकारी हड़बड़ा कर रह गये और 10 किसानों के नाम तक नहीं गिना पाए। जिस पर राज्यपाल ने अधिकारी को फील्ड में जाकर काम करने की समझाईश दी।


अन्य पोस्ट