महासमुन्द

ओवरब्रिज के नीचे बास्केटबॉल, बॉलबैडमिंटन, क्रिकेट कोर्ट का भूमिपूजन
29-Aug-2024 3:02 PM
ओवरब्रिज के नीचे बास्केटबॉल, बॉलबैडमिंटन, क्रिकेट कोर्ट का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अगस्त।
शहर के तुमगांव मार्ग पर निर्मित ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जगह पर जल्द ही राजधानी रायपुर की तर्ज पर मिनी क्रिकेट कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण होगा। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने सभापति, पार्षद और नागरिकों की उपस्थिति में निर्माण कार्य शुरू करने के लिए भूमिपूजन किया। 

इस अवसर पर श्रीमती महिलांग ने कहा कि शहरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप शहर को संवारने और विकास को गति देने उनका निरंतर प्रयास जारी है। इसी कड़ी में शहर के खिलाडिय़ों द्वारा लंबे समय से ओव्हरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जगह पर मिनी क्रिकेट कोर्ट, बाल बैडमिंटन और बास्केटबॉल के साथ ही छोटे-छोटे खेल के लिए कोर्ट निर्माण किए जाने की मांग की जा रही थी। 

श्रीमती महिलांग का कहना है कि शहर के खिलाडिय़ों ने इसके लिए मुझे कुछ माह पूर्व ज्ञापन भी सौंपा था। उनकी मांग और अपेक्षाओं के अनुरूप सभापति और पार्षदों के साथ मिलकर हमने कार्ययोजना तैयार की, जिसे आज मूर्त रूप देने की शुरुआत भूमिपूजन के साथ किया जा रहा है। 

भूमिपूजन के दौरान सभापति बबलू हरपाल, सरला गोलू मदनकार, मीना वर्मा, माधुरी, तारेन चंद्राकर तथा पालिका कर्मी उपस्थित थे। 


अन्य पोस्ट