महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर चेन्नई में स्पेस किड्ज इंडिया का यंग साइंटिस्ट इंडिया अवार्ड 2023.24 के ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम हुआ। जिसमें महासमुंद के स्कूली बच्चे अंतरिक्ष यात्रियों से मिले। 23 अगस्त को शासकीय आशी बाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद की छात्राएं जागृति कुर्रे और देविका कुर्रे ने कार्यक्रम के विशेष अतिथि रूस के अंतरिक्ष यात्री सेर्गेय कोर्साकोव और कजाख अंतरिक्ष यात्री एडीएन एम्बेटोव से मलाकात की।
छात्राओं ने माला पहनाकर जय जोहार कहकर उनका अभिवादन किया। अंतरिक्ष यात्रियों ने छात्रा से बच्चों से हाथ मिलाया और छत्तीसगढ़ के बारे में भी जानकारी ली। अंतरिक्ष यात्रियों ने यंग साइंटिस्ट इंडिया के फाइनल के लिए चयनित बच्चों को बधाई भी दी। बच्चों से अंतरिक्ष में रहने के अपने अनुभवों को साझा किए। रशियन अंतरिक्ष यात्री सेर्गेय कोर्साकोव ने बताया कि भारतीय भोजन उन्हें बहुत पसंद है। अंतरिक्ष में भोजन में कुछ स्वाद नहीं आता है। मैं 195 दिन तक स्पेस में रहा। स्पेस में रहना एक अलग ही अनुभव है। बच्चों के प्रश्न पर अंतरिक्ष यात्री एडेन एम्बेटोव ने बताया कि अंतरिक्ष यात्री बनना उनका बचपन का सपना था। इसके लिए विज्ञान विषय से अध्ययन कर अच्छा पायलट बनना पड़ता है फिटनेस पर भी ध्यान देने की जरूरत होती है।