महासमुन्द

बेलमुंडी में 30 ग्रामीण डायरिया की चपेट में, कैंप लगाकर इलाज
26-Aug-2024 2:36 PM
बेलमुंडी में 30 ग्रामीण डायरिया की चपेट में, कैंप लगाकर इलाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अगस्त।
महासमुंद जिले के बेलमुंडी गांव में करीब 30 ग्रामीण डायरिया की चपेट में हैं। जबकि एक महिला  की मौत हो गई है, वहीं 15 से ज्यादा मरीज सरकारी और प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। बाकी मरीजों का गांव में ही इलाज चल रहा है।

सरायपाली ब्लॉक से 15 किलोमीटर दूर बेलमुंडी गांव में पिछले 3 दिनों से डायरिया मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही हैं। गांव में कैंप लगाकर मात्र स्टाफ नर्स के भरोसे मरीजों का इलाज किया जा रहा है। कैंप में एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं है। इसकी जानकारी मिलते ही सरायपाली विधायक चातुरी नंद मरीजों का हाल जानने बेलमुंडी गांव पहुंचीं। गांव में लगे कैंप में डॉक्टर नहीं होने से विधायक ने नाराजगी जताई और बीएमओ,  सीएमएचओ  को स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

विधायक ने बताया कि डायरिया की चपेट में आने से 68 वर्षीय फूलबिहारी की मौत हो चुकी है। बीएमओ ने इस संबंध में फोन पर कोई भी जवाब देना जरूरी नहीं समझा। जब जनप्रतिनिधियों का फोन रिसीव नहीं करते तो आम जनता की क्या सुनेंगे।

विधायक ने बताया कि दूसरे दिन फोन रिसीव किया और गांव में कैंप लगाकर लोगों का इलाज कराने की बात कही। विधायक का कहना है कि स्वास्थ्य सुविधा लचर हो चुकी है। व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन किया जाएगा।

सरायपाली के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय आनंद कोसरिया का कहना है गांव में कैंप लगाया गया हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों का इलाज किया जा रहा हैं। गांव के एक हैंडपंप से दूषित पानी पीने की वजह से ही डायरिया हुआ है। क्लोरीन डाला गया है और पानी का सैंपल लिया गया है। जिसकी जांच कराई जाएगी। डायरिया से मौत के सवाल पर चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि मरीज की मौत गिरने से चोट लगने के कारण हुई है।
 


अन्य पोस्ट