महासमुन्द

स्वास्थ्य से संबंधित कोई भी दवा बिना डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन के नहीं दे सकते...फिर वेलनेस कोच कौन सा प्रोटीन पाउडर बेच रहे?
19-Aug-2024 2:33 PM
स्वास्थ्य से संबंधित कोई भी दवा बिना डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन के नहीं दे सकते...फिर वेलनेस कोच कौन सा प्रोटीन पाउडर बेच रहे?

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 अगस्त।
जिले में मोटापा कम करने के नाम पर जो उत्पाद ग्राहकों को बेचा जा रहा है, उन उत्पादों को लेकर गंभीर शिकायतें मिल रही हैं। स्वास्थ्य से संबंधित कोई भी दवा बिना डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन के नहीं दे सकते। मगर यहां तो कथित कई वेलनेस कोच मनमानी तरीके से प्रोटीन पाउडर, विटामिन की टेबलेट बगैर डॉक्टरी सलाह के लोगों को देने का काम कर रहे हैं। डाक्टरों के मुताबिक नियमानुसार प्रोटीन पाउडर विटामिन की टेबलेट केवल मेडिकल स्टोर्स में ही उपलब्ध होने चाहिए। मगर यह विभिन्न जगहों पर उपलब्ध हो रहा है। इन उत्पादों को न तो कोई डाक्टर अपने मरीज के लिए सलाह दे रहे हैं और न ही किसी लेब में इसका परीक्षण ही किया गया है। या फिर लेब रिपोर्ट संबंधित जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मुहैय्या नहीं कराया गया है। अब लोगों द्वारा इन उत्पादों का परीक्षण कराए जाने की मांग भी की जा रही है। 

गौरतलब है कि पिछले दिनों जिले के कामता पटेल ने मोटापा कम करने के नाम पर बेची जा रही दवा को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव से शिकायत भी की है। लोगों का यह भी कहना है कि इन दवाओं से लाभ की बजाय नुकसान ज्यादा हो रहा है। इस महंगी दवा के सेवन से मोटापा कम हो न हो लोगों की जेबें जरूर ढीली हो रही हैं। मोटापा कम करने के नाम पर जो पूरक पोषण आहार दिया जा रहा है, वह कितना कारगर एवं उपयोगी है, इसकी जांच न तो खाद्य विभाग द्वारा किया जा रहा है और न ही स्वास्थ्य विभाग कर रहा है। 

बिना शारीरिक जांच के प्रोटीन पाउडर और विटामिन की टेबलेट नहीं खाना चाहिए-बीएमओ 
डॉ. व्हीके कोसरिया बीएमओ सरायपाली का इस मामले में कहना है कि ने कहा किसी भी व्यक्ति को बिना शारीरिक जांच के प्रोटीन पाउडर और विटामिन की टेबलेट नहीं ग्रहण करना चाहिए। इससे स्वास्थ संबंधी समस्या बढ़ सकती हैं। और यदि यह स्वास्थ्य से जुड़ी हो तो और भी कड़ाई से जांच होनी चाहिए। बगैर वैध डिग्री के हर्बल बताकर प्रोटीन पाउडर और विटामिन कैप्सूल देने वालों के खिलाफ शिकायत आने पर कारवाई की जाएगी।

कोई भी लैब रिपोर्ट हमारे पास नहीं - ड्रग्स इंस्पेक्टर 
जिला ड्रग्स इंस्पेक्टर अखिलेश पांडे ने बताया कि इन प्रोटीन पाउडर एवं विटामिन की कोई भी लैब रिपोर्ट उनके पास नहीं है। 
इसका तात्पर्य यह हुआ कि प्रोटीन और विटामिन का या तो लेब में परीक्षण नहीं किया गया है या फिर लेब रिपोर्ट संबंधित विभाग को मुहैय्या नहीं कराया गया है। लोगों द्वारा इन उत्पादों का परीक्षण कराए जाने की मांग भी की जा रही है। भारत एक कृषि प्रधान देश है और यहां पर किसानों द्वारा प्रोटीन युक्त मिलेट्स का उत्पादन किया जाता है। पूरक पोषण आहार के रूप में मिलेट्स से बनी उत्पाद बेचने से न सिर्फ कृषि को प्रोत्साहन मिलेगा। बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। 

उपभोक्ताओं ने‘छत्तीसगढ़’ से अपना अनुभव साझा करते हुए कहा है कि इस उत्पाद को खाना बंद करते ही पहले से अधिक मोटापा बढऩे, चक्कर आने, बाल झडऩे, किडनी की समस्या, रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने जैसे गंभीर समस्याएं आ रही हैं। इलाज के लिए डाक्टरों के पास जाने के बाद डाक्टर बताते हैं कि इस उत्पाद में पोटेशियम और फॉस्फोरस की अधिक मात्रा होती है, जो किडनी की बीमारी से पीडि़त लोगों के लिए बहुत सी परेशानी पैदा कर सकता है। यह भी बताते हैं कि इसमें कैफ ीन की मात्रा अधिक होने से रक्तचाप को भी बढ़ाता है। 


अन्य पोस्ट