महासमुन्द

एमबीबीएस स्टेट कोटे की काउंसलिंग शुरू, 125 लोगों को मिलेगा प्रवेश
18-Aug-2024 6:46 PM
एमबीबीएस स्टेट कोटे की काउंसलिंग शुरू, 125 लोगों को मिलेगा प्रवेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 18 अगस्त। जिले के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए स्टेट कोटे की काउंसिलिंग आज से शुरू हो रही है। इसमें शामिल होने के लिए 18 अगस्त से 24 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। स्टेट कोटे के तहत प्रवेश के लिए पहली मेरिट लिस्ट 27 अगस्त को जारी होगी। वहीं प्रदेश में ऑल इंडिया की सीटों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग की प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू हो चुकी है।

मालूम हो कि नेशनल मेडिकल काउंसिल ने महासमुंद मेडिकल कॉलेज को सत्र 2024-25 के नए शैक्षणिक सत्र के लिए 125 सीटों की मान्यता दी है। इसके साथ ही अब कॉलेज में एमबीबीएस करने वाले छात्रों की संख्या बढक़र 350 हो गई है। पहले सत्र में 100 छात्रों का प्रवेश हुआ था। दूसरे सत्र से सीटें बढक़र 125 हो गई। अब तीसरे सत्र में 125 नए छात्र-छात्राओं का प्रवेश होगा। काउंसलिंग के बाद महासमुंद मेडिकल कॉलेज में एडमिशन ले सकेंगे।

विभागीय जानकारी अनुसार वर्तमान में जारी प्रथम वर्ष के बैच का एडमिशन नवंबर.दिसंबर 2022 में हुआ था। दूसरे बैच की अनुमति से पहले व्यवस्थाओं के परीक्षण के लिए एनएमसी की टीम कॉलेज प्रबंध के द्वारा भेजे गए ई-मेल, शपथ पत्र और ऑनलाइन मॉनिटरिंग के आधार पर एमएआरबी की अनुमति के बाद कॉलेज को नए बैच के प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई थी।

 मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार प्रथम वर्ष के छात्रों को शरीर क्रिया विज्ञान, शरीर संरचना विज्ञान, शरीर जैव रसायन विज्ञान की पीएसएम की पढ़ाई कराई जा रही है। वहीं दूसरे साल में पैथोलॉज, माइक्रो बायोलॉजी, फार्मेकोलॉजी, फारेंसिक मेडिसीन, साथ ही पीएसएम को प्रायोगिक और क्लीनिकल पोस्टिंग की पढ़ाई कराई जा रही है।

वर्तमान में मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल के भवन में संचालित हो रहा है। कॉलेज की नई बिल्डिंग खरोरा में बननी शुरू हो गई है। यहां 64 एकड़ जमीन में 264 करोड़ की लागत से भवन बनाया जा रहा है। अगले दो सालों में यह बनकर तैयार हो जाएगा। जिसके बाद कॉलेज में व्यवस्था दुरूस्त हो जाएगी।


अन्य पोस्ट