महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अगस्त। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा पवित्र सावन माह में करवाए जा रहे एक माह के महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में आज सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण पश्चात् अभिषेक, प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था है। इसके बाद पार्थिव शिवलिंगों को विसर्जन के लिए शोभायात्रा के माध्यम से बम्हनी ले जाया जाएगा।
मालूम हो कि श्रावण मास में विशाल मेगा मार्ट परिसर व विधायक कार्यालय के पीछे विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा विगत 9 वर्षों से महारुद्राभिषेक व हवन.पूजन कार्यक्रम करवाया जा रहा है। इस वर्ष भी यह महारुद्राभिषेक व हवन-पूजन श्रावण मास की शुरुआत से प्रारंभ हुआ है।
22 जुलाई को श्रावण की शुरुआत सोमवार से हुआ। इसी दिन से यह महारुद्राभिषेक व हवन-पूजन शुरू हो गया। प्रतिदिन सुबह वेदी पूजन के साथ इसकी शुरुआत होती है। इसके पश्चात् महामृत्युंजय जाप होता है। फिर मंत्रोच्चार के साथ महारुद्राभिषेक किया जाता है।
आरती के बाद दिन की पूजा का समापन हो जाता है। इसके पश्चात् शाम में हवन-पूजन किया जाता है। रविवार भी सुबह करीब 8 बजे वेदी पूजा से पूजन शुरू हुआ। सुबह 9 बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण शुरू किया गया। साढ़े 10 बजे से महारुद्राभिषेक शुरू हुआ। सवा लाख बत्ती से महाआरती की गई। इसके पश्चात् भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 2 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो बम्हनी तक रहेगी।