महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अगस्त। शनिवार को महासमुंद जिले के चिकित्सकों ने अपने-अपने अस्पतालों में ओपीडी बंद रखा। जिससे बड़ी संख्या में मरीज प्रभावित रहे। रविवार को अवकाश होने की वजह से अस्पताल की छुट्टी रहेगी। ऐसे में सोमवार को अस्पताल खुलते ही इन 2 दिनों की मरीजों की भीड़ एकाएक अस्पतालों में जुटेगी। फलस्वरूप व्यवस्था प्रभावित होने का भी अनुमान लगाया जा रहा है। सोमवार को रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर अनेक नर्सेस छुट्टियों पर भी रह सकती हैं। अत: अनुमान है कि बड़ी संख्या में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
चिकित्सकों द्वारा 17 अगस्त को सुबह 6 बजे से 18 अगस्त की सुबह 6 बजे तक ओपीडी बंद रखने की घोषणा की गई थी। लेकिन आज रविवार अवकाश है। ऐसे में अब सीधे रविवार को ही ओपीडी खुलेगी। क ल दिन भर डॉक्टरों के हड़ताल का असर जिले के तमाम स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रए आरोग्य मंदिर व उपस्वास्थ्य केंद्र में भी दिखा। आम जनता बीमार को लेकर दर-दर भटकते रहे।
चिकित्सकों का कहना है कि कोलकाता की घटना को लेकर महासमुंद जिले के एनएचएम कर्मचारियों द्वारा काली पट्टी लगाकर विरोध किया गया। जिला अध्यक्ष रामगोपाल खूंटे, अर्चना तोमर, प्रवीण नागदेवे, दुर्गा पटेल, त्रिवेणी चक्रधारी, डॉ. मरकाम, डॉ. मधुराज देवांगन, ओम प्रकाश पटेल, टेकलाल नायक, कविता चंद्राकर, जाग्रति साहू, सुनील साहू, यादराम साहू, कोमल साहू, देवकुमार डड़़सेना, सीमापाल आदि शामिल हुए।
गौरतलब है कि कोलकाता के आरजी मेडिकल कॉलेज में महिला चिकित्सक से रेप के बाद हत्या के विरोध में कल जिले भर के शासकीय व निजी चिकित्सालयों में ओपीडी बंद रही। आपातकालीन सेवाओं को छोडक़र सभी प्रकार की सेवाएं प्रभावित रही। पिछले 2 दिनों से जिले भर के चिकित्सकों द्वारा इसके विरोध में काली पट्टी भी लगाई जा रही है। चिकित्सकीय सेवाएं बंद होने की जिन्हें जानकारी नहीं थी वे उपचार कराने के लिये भटकते रहे।
हड़ताल से सभी विभाग प्रभावित
आज सुबह से महासमुंद में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। वैसे भी पहले से ही मौसमी मरीजों की भीड़ अस्पतालों में जुट रही है। महासमुंद जिला अस्पताल में प्रतिदिन की लगभग 600 की ओपीडी है, जबकि सिटी क्लीनिक में रोजाना 190 मरीज पहुंचते हैं। यही स्थिति सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा प्राथमिक चिकित्सालयों में रही।
शनिवार को मरीज आकर ओपीडी काउंटर से लौटते रहे। ओपीडीए काउंटर बंद होने से ओपीडी, एनसीडी,एनसीपीपीएनसी, फेमली प्लानिंग, काउंसलिंग, टीबी, तम्बाकू, आईसीटीसी, लेब, फिजियोथैरेपी, मानसिक स्वास्थ्य, सिकल सेल, टीकाकरण, एनआरसी, लेब जांच आदि सभी डिपार्टमेंट प्रभावित रहे, सिर्फ आपातकालीन सेवा ही चालू रही।