महासमुन्द
महासमुंद,17अगस्त। जिला प्रशासन ने बंदी नीरज बोई की मौत को लेकर सहायक जेल अधीक्षक द्वारा जारी बयान के आधार पर एक समाचार जारी किया है। जिसमें लिखा है-बंदी नीरज भोई पिपरौद महासमुंद का निवासी 12 अगस्त को शाम 05 बजे न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पिथौरा के अपराध के तहत जिला जेल महासमुंद में निरुद्ध था। बंदी के जेल प्रवेश के पूर्व एम एलसी रिपोर्ट में सीएचसी पिथौरा के मेडिकल अधिकारी ने उक्त बंदी को क्रोनिक एल्कोहलिक बताया था। जेल प्रवेश के पश्चात बंदी के द्वारा असामान्य व्यवहार किया जा रहा था। जेल चिकित्सक द्वारा उक्त बंदी का उपचार किया जा रहा था। बंदी में विथड्राल सिस्टम बहुत ज्यादा था। जिसके अंतर्गत उसने अन्य बंदियों से झगड़ा, गाली.गलौच करता था।
उसने 3 बंदियों को दांत से काट दिया था। 14 अगस्त की रात को उक्त बंदी के पागलपन जैसे हरकत के कारण अन्य बंदियों को नुकसार ना पहुंचे इसलिए सुरक्षा की दृष्टिकोण से ड्यूटीरत प्रहरी ने उसे हाथ और पैर में हथकड़ी लगाकर बैरक में रखा था। रात 11:40 पर उसके शांत होने पर उक्त बंदी का हथकड़ी खोल दिया गया। बाद में उस बंदी का बी पी लो होने के कारण तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। जहां 12:35 को चिकित्सक ने मृत घोषित किया। 15 अगस्त 2024 को कार्यपालिक दंडाधिकारी महासमुंद युवराज साहू एवं फोरेंसिक के डॉ. लवकेश सिंह जेल आए। उन्होनें उस बैरक का निरीक्षण संबंधित बंदियों से बातचीत एवं सम्पूर्ण सीसीटीवी फुटेज देखा। उनमें से किसी के भी उक्त बंदी से मारपीट जैसी घटना नहीं पाया।