महासमुन्द

तिरंगा दौड़ में बच्चे दौड़ रहे थे, गाडिय़ां बाजू से तेजी से गुुजर रही थीं
16-Aug-2024 4:35 PM
तिरंगा दौड़ में बच्चे दौड़ रहे थे, गाडिय़ां बाजू से तेजी से गुुजर रही थीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16 अगस्त। महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले तिरंगा दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है।

नेशनल हाईवे 353 और बाकी सडक़ों पर स्कूली बच्चे दौड़ लगा रहे थे और दुपहिया, तीन पहिया, चार पहिया और भारी वाहनें उनके बाजू से तेजी से गुुजर रही थीं।

दरअसल, जिला प्रशासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने इसका आयोजन किया था। इस दौरान महासमुंद के विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, जनप्रतिनिधि, नव पदस्थ कलेक्टर विनय लंहगे सहित आला अफसरों ने तिरंगा यात्रा के हरी झंडी दिखाई थी। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस बरोंड़ा चौक, शास्त्री चौक और नेहरू चौक पर खड़ी रही, लेकिन उन्होंने वाहनों को रोकना उचित नहीं समझा।

तेज गति से गुजर रहे वाहनों के बीच बच्चे दौड़ लगाते रहे। अब विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा कह रहे हैं कि लापरवाहों पर कार्रवाई होगी।

वहीं जिला खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे कह रहे हैं कि स्वतंत्रता और तिरंगा दौड़ में सडक़ों पर सुरक्षा के लिए पहले ही इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी गई थी।


अन्य पोस्ट