महासमुन्द
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक कह रहे कार्डियक अरेस्ट, परिवार कह रहा जेल जाने से पहले मारपीट की गई
जेल के सीसीटीवी फुटेज में किसी प्रकार के झगड़े की पुष्टि नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 अगस्त। जिला जेल में हत्या के आरोप में विचाराधीन बंदी की मौत के बाद जेल प्रशासन में हडकंप मचा हुआ है। मृतक नीरज भोई को 12 अगस्त को हत्या के जुर्म में धारा 103, 3, 5 बी एन एस के तहत गिरफ्तार कर जेल लाया गया था। जेलर के अनुसार मृतक बंदी आदतन शराबी था और जेल में शराब न मिलने के कारण अन्य बंदियों को अपने दांत से काट लिया करता था।
जानकारी अनुसार सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौद का रहने वाला 25 वर्षीय नीरज भोई को हत्या के आरोप में 12 अगस्त को जिला जेल भेजा गया था।
जेल अधीक्षक मुकेश कुशवाहा का कहना है आरोपी बंदी आदतन शराबी था और नशे की खुराक नहीं मिलने के कारण खुद के साथ-साथ अन्य बंदियों को चोट पहुंचाने की कोशिश किया करता था। वह कई कैदियों को दांत से काट कर जख्मी कर चुका था। इसलिए 14 अगस्त की रात 10 बजे पैरों में हथकड़ी लगा कर रखा गया था। इसके बावजूद भी वो शांत नहीं रहता था।
14 अगस्त की रात करीब 11 बजे उसकी हथकड़ी खोला गया तो फि र से मारपीट करने लगा और इसी दौरान वह अचानक अचेत होकर गिरा। स्वास्थ्य रक्षक ने कैदी की बीपी चेक की तो बहुत लो था। उसे तत्काल रात करीब 12 बजे ही मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने कार्डियक अरेस्ट बताते हुए रात 12.35 को उसे मृत घोषित कर दिया।
हालांकि उसके शरीर पर चोट के निशान थे। लिहाजा डॉक्टरों ने कल 15 अगस्त गुुरुवार की शाम 4 बजे शव को रायपुर मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रायपुर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचते ही पूछताछ के लिए रायपुर से एक टीम जिला जेल पहुंची थी। टीम ने जेल के सीसीटीवी फुटेज खंगाला, लेकिन जेल में किसी प्रकार के झगड़े की पुष्टि नहीं हुई।
गौरतलब है कि सांकरा थाना क्षेत्र में हाल ही में 5 हजार रुपए नगद और मोबाइल चोरी के आरोप में 5 दिन पहले ही एक व्यक्ति की हत्या हुई थी। पुलिस ने इस मामले में नीरज भोई को हिरासत में लिया था। मृतक का पोस्टमार्टम रायपुर में किया जाना है। फि लहाल पुलिस मामले की गहनता से सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएंगी।
इस घटना के बारे में जानकारी मिली है कि बंदी की मौत की खबर सांकरा पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी। जिसके बाद कल सुबह परिजन जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे थे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि नीरज के साथ जेल दाखिल करने से पहले मारपीट की गई थी, जिसकी वजह से मौत हुई है। जिला जेल के जेलर और डॉक्टरों का कहना है कि बंदी बहुत ज्यादा नशे का आदी था और नशा नहीं मिलने की वजह से वह पागलों की तरह हरकत करता था। जेलर का कहना है कि इस बात की पुष्टि नीरज भोई के साथ हत्या के मामले में जेल में बंदी नीरज भोई के जीजा ने भी की है।
जेल सूत्रों की मानें तो बंदी नीरज भोई जिला जेल महासमुंद में 12 अगस्त को दाखिल हुआ था। 12 और 13 अगस्त को वह काफी डिप्रेशन में और गुमशुम था। 14 तारीख की रात्रि 10 बजे जेल बैरक के भीतर वह अचानक से आक्रोषित होकर साथी बंदियों के साथ गाली गलोच करने लगा।
जिस वजह से जेल प्रशासन ने बंदी नीरज भोई को बैरक के अंदर हांथ और पैर में हथकड़ी लगा कर रखा था। हथकड़ी लगने के बावजूद बंदी नीरज भोई अपने साथी बंदियों को दांत से काट कर जख्मी कर रहा था। 14 अगस्त की रात्रि लगभग 11.45 को वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद बंदी को रात्रि में लगभग 12 बजे मेडिकल कॉलेज मले जाया गया। जहां 12.35 बजे नीरज भोई की मौत हो गई।