महासमुन्द

सरायपाली नपा की रैली में लहराया उल्टा तिरंगा
12-Aug-2024 3:23 PM
सरायपाली नपा की रैली में लहराया उल्टा तिरंगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,12 अगस्त।
स्वतंत्रता सप्ताह के अंतर्गत नगरपालिका सरायपाली के द्वारा शनिवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें कुछ महिलाएं उल्टा तिरंगा लेकर रैली में चल रही थीं। इस पर भले ही नपा अथवा सरकारी विभाग की नजर नहीं गई हो लेकिन इसे शहर के लोगों ने देखा और अब इसे लेकर शहर में तरह-तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। तमाम अधिकारी, कर्मचारियों की उपस्थिति में इतनी बड़ी गलती को लेकर नगरपालिका की तीखी आलोचना हो रही है। वहीं नगरपालिका अध्यक्ष इसे बदनाम करने की एक साजिश कह रहे हैं। 

इस मामले में क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताया है। साथ ही इससे संबंधित आयोजकों व अधिकारी, कर्मचारियों की शिकायत प्रदेश सरकार से करने की बात भी उन्होंने कही है।

गौरतलब है कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत वर्तमान में 9 से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत परसों शनिवार को सभी लोगों में देशभक्ति की भावना विकसित करने एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के प्रति सम्मान में वृद्धि करने के उद्देश्य से स्कूल, कॉलेजों सहित सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने तिरंगा रैली का आयोजन किया। 

इसी कड़ी में नगरपालिका सरायपाली के द्वारा भी उक्त रैली का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य नगरपालिका अधिकारी अशोक शर्मा, तहसीलदार रामलखन चौहान व जुगल किशोर पटेल सहित कई अधिकारी-कर्मचारियों ने शिरकत की थी। उक्त रैली में नपा के कुछ महिला कर्मचारी तिरंगे को उल्टा लहरा रही थीं। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है। 

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में इतनी बड़ी गलती को लेकर लोगों के द्वारा नपा की तीखी आलोचना की जा रही है। वहीं अधिकारी, कर्मचारियों की भी अनदेखी को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला।

विधायक श्रीमती नंद ने इस घटना की निंदा करते ते हुए कहा है कि अनेक जिम्मेदार अधिकारियों के उस रैली में होने के बावजूद उनके द्वारा ध्यान नहीं देना उनकी घोर लापरवाही को उजागर करता है। यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान और एक राष्ट्रीय अपराध है। उन्होंने इस संबंध में लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ  प्रदेश सरकार से शिकायत करने की बात कही है।

इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र कुमार पटेल से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जो महिला उल्टा झंडा पकड़ी हुई है वह रास्ते से जुलूस में शामिल हुई हैं। वह नगर पालिका की कर्मचारी नहीं हैं, उसका मैं भी जांच कर रहा हूं। यह किसी की साजिश है, पालिका को बदनाम करने की। जल्द पता कर एफआईआर कराएंगे।
 


अन्य पोस्ट