महासमुन्द

अलसुबह खुला गंधेश्वर महादेव मंदिर का पट
12-Aug-2024 3:21 PM
अलसुबह खुला गंधेश्वर महादेव मंदिर का पट

कतार लगा हजारों कांवरियों ने किया जलाभिषेक 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 12 अगस्त। 
सोमवार की अल सुबह सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव मंदिर के पट खुलते ही कांवरिये कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करते रहे। सुबह 5 बजे मंगला आरती के बाद कांवरियों और दर्शनार्थियों के लिए गंधेश्वर मंदिर का पट खोल दिया गया। 

सुबह 11 बजे समाचार लिखते तक डेढ़ हजार कांवरिये जलाभिषेक कर चुुके थे। बोलबम सेवा आयोजन समिति के अध्यक्ष थनवार यादव, दीपक सोनी, दीपक साहू व संजय पांडेय ने बताया कि सिरपुर में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई थी। इसी तरह 4 अगस्त रविवार को सिरपुर में कांवरियों के लिए भोजन की व्यवस्था मालीडीह के जिला पंचायत सदस्य अमर अरूण चंद्राकर द्वारा किया जावेगा। 

11 अगस्त को भोजन भंडारे की व्यवस्था पटेवा के जोगिंदर प्रदीप सिंह तथा लक्ष्मण पटेल द्वारा की गई। अंतिम सावन सोमवार को जलाभिषेक करने पहुंचने वाले कांवरियों के लिए 17 अगस्त को बीटीआई गार्डन के समक्ष डा.एस एन गुप्ता श्रीराम केयर क्लीनक महासमुंद के सौजन्य से आम भंडारा तथा 18 अगस्त रविवार को भोजन प्रसादी महासमुंद के महामाया ग्रुप द््वारा रखी गयी है। अंतिम सोमवार को बेल पत्ता, श्रीफल, फूल चढ़ाकर बुढ़ा महादेव की पूजा की जायेगी। 

मालूम हो कि सावन माह में श्वेत गंगा बम्हनी से करीब 35-40 किमी का पैदल सफर कर कांवरिये सिरपुर में गंधेश्वर महादेव का जलाभिषेक दशकों से करते आ रहे हैं। बम्हनी से शनिवार को उत्साह के साथ निकले कांवरियों के हजारों समूह कल रविवार रात तक सिरपुर पहुंच चुके थे। आयोजकों के मुताबिक 15 हजार कांवरियों के पहुंचने का अनुमान है। अंतिम व पांचवें सोमवार को रक्षा बंधन पडऩे के कारण आज चौथे सोमवार को ही जलाभिषेक करने कांवरिये पहुंचे थे। 

महासमुंद समेत आसपास के जिलों से ट्रेक्टर, बस, बाइक, मेटाडोर आदि सैकड़ों वाहनों से कांवरिये शनिवार की सुबह से महासमुंद होकर बम्हनी पहुंंच रहे थे। बम्हनी की ओर से महासमुंद प्रवेश करने वाले कांवरियों का जत्था रात भर यात्रा करते रहे। शहर में जगह-जगह कांवरियों की सेवा के लिए सेवाभावी लोगों ने पंडाल लगा रखा था। 
 


अन्य पोस्ट